27 सितंबर को नूंह में होने वाली इनेलो की सम्मान दिवस रैली होगी ऐतिहासिक : रामपाल माजरा

नूंह, 23 सितंबर: आगामी 27 सितंबर को नूंह में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ओर से पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस के अवसर पर सम्मान दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस रैली को लेकर पार्टी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर रहे हैं। नेता लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।
इसी कड़ी में बुधवार को इनेलो प्रदेश अध्यक्ष चौधरी रामपाल माजरा और जिलाध्यक्ष चौधरी ताहिर हुसैन एडवोकेट ने नूंह विधानसभा क्षेत्र के गांव चंदेनी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग जनसभाओं और डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। नेताओं ने ग्रामीणों को 27 सितंबर को नूंह में होने वाले सम्मान दिवस समारोह में पहुंचने का न्यौता दिया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने इनेलो नेताओं का फूलमालाओं और पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
चौधरी देवीलाल का मेवात से रहा है विशेष लगाव
प्रदेश अध्यक्ष चौधरी रामपाल माजरा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल का मेवात की धरती से विशेष लगाव रहा है। इस बार उनके जन्मदिवस का मुख्य आयोजन मेवात की धरती पर किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नूंह में आयोजित होने वाला यह सम्मान दिवस समारोह बेहद ऐतिहासिक होगा। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग भाग लेंगे।
रैली में करीब तीन लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद
इनेलो जिलाध्यक्ष चौधरी ताहिर हुसैन ने कहा कि चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाले इस सम्मान दिवस समारोह में प्रदेशभर से किसान, मजदूर और गरीब वर्ग के लोग पहुंचेंगे। उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि नूंह में होने वाली यह रैली देश की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक रैलियों में शामिल होगी। इस रैली में करीब तीन लाख लोगों के पहुंचने की पूरी उम्मीद है।
इनेलो नेताओं ने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में 27 सितंबर को नूंह पहुंचे। उन्होंने लोगों से सम्मान दिवस समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया। पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी जिले के अलग-अलग गांवों में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं।