नूंह में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, क्रॉस फायरिंग में दो तस्कर घायल और दो फरार

नूंह जिले के सदर थाना क्षेत्र के गांव घासेड़ा के नजदीक रविवार तड़के फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ और गौ तस्करों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हुई क्रॉस फायरिंग में दो गौ तस्करों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों घायल आरोपियों को काबू कर लिया। हालांकि, अंधेरे का पूरा फायदा उठाकर दो अन्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने घायल आरोपियों को तुरंत उपचार के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती करा दिया है।
गोवंश को राजस्थान ले जाने की थी सूचना
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, जो कि प्रभारी सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका हैं, के नेतृत्व में पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि कुछ गौ तस्कर गुरुग्राम-सोहना-नूंह के रास्ते गोवंश को अवैध रूप से गौकशी के लिए राजस्थान की तरफ ले जाने वाले हैं। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत गांव घासेड़ा के पास नाकाबंदी कर दी और आने-जाने वाले सभी वाहनों की गहनता से जांच शुरू कर दी।
पुलिस वाहन को मारी टक्कर और की फायरिंग
जांच के दौरान ही एक अर्टिगा कार पुलिस नाके से करीब 50 से 60 मीटर की दूरी पर अचानक रुक गई। कार के चालक ने तुरंत वाहन को वापस मोड़ने का असफल प्रयास किया। जब पुलिस टीम ने अपने सरकारी वाहन से उस कार को रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने जानबूझकर पुलिस वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, कार में कंडक्टर साइड की सीट पर बैठे व्यक्ति ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपनी सुरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए तुरंत फायरिंग की।
घायल आरोपियों की हुई पहचान और बरामदगी
दोनों तरफ से हुई भारी क्रॉस फायरिंग के दौरान दो आरोपी पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायल आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया और उनकी पहचान शमशाद उर्फ सेंदा निवासी उटावड़ जिला पलवल तथा रोबिन निवासी आलीमेव जिला पलवल के रूप में की है। पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने फरार साथियों के नाम भी पुलिस को बता दिए हैं। मौके से पुलिस ने अर्टिगा कार में क्रूरता पूर्वक ले जाए जा रहे तीन गोवंश सकुशल बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा घटनास्थल से दो देसी कट्टे, चार जिंदा कारतूस और तीन खाली खोल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी रोबिन के खिलाफ पहले से ही कुल 12 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में एक इनामी बदमाश भी रह चुका है। वहीं दूसरे आरोपी शमशाद उर्फ सेंदा के खिलाफ भी दो मुकदमे दर्ज हैं और वह राजस्थान पुलिस की तरफ से 3 हजार रुपये का घोषित इनामी बदमाश बताया गया है। पुलिस अब अन्य जिलों और राज्यों में भी इन दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज पुराने आपराधिक मामलों का पूरा रिकॉर्ड खंगालने में जुटी हुई है। पुलिस ने इस मामले में नया मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों द्वारा उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।