नूंह पुलिस ने बैंक सुरक्षा और समन्वय को लेकर अधिकारियों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

नूंह जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक बैंक सुरक्षा एवं पुलिस-बैंक समन्वय को लेकर आयोजित की गई थी। बैठक की अध्यक्षता नूंह मुख्यालय के डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने की। इस बैठक में एलडीएम सहित जिले के सरकारी एवं निजी बैंकों के 50 से अधिक शाखा प्रबंधकों ने हिस्सा लिया।
बैंक सुरक्षा और साइबर अपराध पर चर्चा
बैठक के दौरान बैंक शाखाओं की सुरक्षा को लेकर कई मुद्दों पर बात हुई। इसमें एटीएम के रखरखाव, साइबर अपराध से संबंधित मामलों तथा पुलिस और बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बैंक अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक खातों से जुड़े ग्राहकों के मोबाइल नंबर सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज किए जाएं। ऐसा करने से आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं बैंक के बीच त्वरित संपर्क स्थापित किया जा सके।
आपातकालीन नंबरों का प्रदर्शन और थाना क्षेत्र में बदलाव
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक बैंक शाखा में संबंधित थाना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा आपातकालीन नंबरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। जिले में नए थाने एवं पुलिस चौकियां स्थापित होने के कारण कई बैंकों के थाना क्षेत्र में बदलाव हुआ है। ऐसे में सभी बैंक प्रबंधकों के पास संबंधित नए थाना क्षेत्र के साथ-साथ जिला पुलिस मुख्यालय के संपर्क नंबर उपलब्ध होने चाहिए। यह व्यवस्था इसलिए जरूरी है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क किया जा सके।
साइबर अपराध रोकने के लिए आपसी तालमेल
लोहान ने जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। साइबर ठगी के मामलों में बैंक खातों को फ्रीज करने सहित कई तरह की कार्रवाई की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे मामलों में पुलिस और बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और तकनीकी जांच में सहयोग के लिए दोनों विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करना होगा।