नूंह: जमानत पर जेल से बाहर आते ही पूर्व सरपंच ने निकाला जुलूस, मौजूदा सरपंच को दी धमकी

नूंह: जमानत पर जेल से बाहर आते ही पूर्व सरपंच ने निकाला जुलूस, मौजूदा सरपंच को दी धमकी

नूंह जिले के बिछौर थाना क्षेत्र के गांव नहेदा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद पूर्व सरपंच द्वारा समर्थकों के साथ कथित तौर पर जुलूस निकाला गया। इस जुलूस के जरिए मौजूदा सरपंच को धमकाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में गांव नहेदा निवासी और वर्तमान सरपंच जुबैर ने पूरी घटना की जानकारी दी है। जुबैर ने बताया कि गांव के नसरू के खिलाफ पंचायत राशि में धोखाधड़ी कर गबन करने की शिकायत बीडीपीओ कार्यालय पुन्हाना में दी गई थी। जांच के बाद बिछौर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपी नसरू को गिरफ्तार किया गया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी धोखाधड़ी और गबन के मामले को लेकर नसरू और उसके परिवार के लोग उससे रंजिश रखने लगे थे। 19 सितंबर को नसरू को नूंह अदालत से इस मामले में जमानत मिल गई थी। जेल से बाहर आने के बाद उसने शिकायतकर्ता और उसके परिवार को खुलेआम धमकी दी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

नसरू ने अपने समर्थकों के साथ बड़ा मोड़-जुरहेड़ा रोड से गांव नहेदा तक एक बड़ा जुलूस निकाला। इस जुलूस में करीब 10-12 गाड़ियां और 30-40 मोटरसाइकिलें शामिल थीं। जुलूस के दौरान डीजे बजाया गया और कुछ लोग कथित तौर पर गाड़ियों की छत पर चढ़े हुए थे।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जुलूस के दौरान वाहनों को बहुत लापरवाही से चलाया गया। इससे आमजन के रास्ते में भारी रुकावट पैदा हुई और यातायात बाधित हुआ। गांव में पहुंचने के बाद जोरदार पटाखे चलाए गए और आतिशबाजी की गई।

आरोप है कि जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने देशी कट्टे सहित अवैध हथियार हवा में लहराए। इससे पूरे गांव में भारी भय का माहौल पैदा हो गया और लोग सहम गए। डर के मारे शिकायतकर्ता और उसका परिवार अपने घर से बाहर तक नहीं निकल सका।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को जुलूस का वीडियो भी सौंपा है जिसमें पहचान की गई है। वीडियो के आधार पर राशीद, साबिर, आशीफ, तोफिक और जाबीद सहित अन्य लोगों की पहचान की गई है। इस जुलूस का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ है।

पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने इस पूरी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गाड़ियों की छत पर चढ़कर डीजे बजाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और हुड़दंगबाजी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब इस मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ. अर्पित जैन के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उनके अनुसार यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंगबाजी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

Share:

Comments

Leave a comment