नूंह में 500 रुपये की उधारी को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों की जंग में एक दर्जन से अधिक लोग घायल

नूंह में 500 रुपये की उधारी को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों की जंग में एक दर्जन से अधिक लोग घायल

नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के गांव बीवा में महज 500 रुपये की उधारी को लेकर दो पक्षों में जमकर खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते लाठी-डंडों की जंग में बदल गया। इस खूनी संघर्ष में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। दोनों पक्षों के कई लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

गोली चलने की चर्चा और वायरल वीडियो

घटना के दौरान गोली चलने की भी खबर सामने आ रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिलाओं के हाथों में बंदूक भी देखी जा रही है। अचानक हुए इस संघर्ष से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की चर्चा से गांव में तनाव फैल गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक गोली चलने की पुष्टि नहीं की है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घायलों को सबसे पहले सीएचसी फिरोजपुर झिरका लाया गया। वहां से कुछ घायलों को मंडीखेड़ा स्थित अल-आफिया अस्पताल रेफर किया गया। इसके अलावा दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। सीएचसी फिरोजपुर झिरका के मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनुज ने इस मामले की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि एक पक्ष से सात लोगों की और दूसरे पक्ष से तीन अन्य लोगों की एमएलआर काटी जा चुकी है। जबकि कुछ महिलाओं समेत अन्य घायलों की मेडिकल जांच अभी बाकी है। अधिकतर घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों के नाम और पुलिस की कार्रवाई

एक पक्ष से घायल होने वालों में सुमेर पुत्र अमीर, अरशद पुत्र सुमेर, आरिफ पुत्र सुमेर, तारीफ पुत्र सुमेर, साकिर पुत्र असलूप, इरफान पुत्र सुमेर और सोकत पुत्र फजरु शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से तैय्यब पुत्र दीन मोहम्मद, निसार, इनाम, रिजवाना पुत्री तैय्यब, मिस्कीना पत्नी तैय्यब, अली मोहम्मद पुत्र नूर मोहम्मद, मुस्तकीम पुत्र अय्यूब और फिरदोस पुत्री अय्यूब घायल बताए जा रहे हैं। फिरोजपुर झिरका सदर थाना प्रभारी सुभाष चन्द्र ने बताया कि अभी तक दोनों पक्षों की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share:

Comments

Leave a comment