गुरुग्राम: एनआईटी कालीकट में हरियाणा के छात्र लक्ष्य सैनी की संदिग्ध मौत पर जीरो एफआईआर दर्ज

एनआईटी कालीकट में बीटेक के छात्र लक्ष्य सैनी की संदिग्ध मौत के मामले में हरियाणा पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। इस मामले को आगे की कार्रवाई के लिए केरल पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है। एनआईटी कालीकट से बीटेक कर रहे लक्ष्य की हत्या को आत्महत्या दिखाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। गुरुग्राम के सैनी समाज समेत अनेक सामाजिक लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख जाहिर किया है और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। हरियाणा के मुख्यमंत्री के निर्देश पर बहादुरगढ़ में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है।
- एनआईटी कालीकट में बीटेक के छात्र लक्ष्य सैनी की संदिग्ध मौत का मामला।
- हत्या को आत्महत्या दिखाने का आरोप और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग।
- मुख्यमंत्री के निर्देश पर बहादुरगढ़ में जीरो एफआईआर दर्ज कर केरल पुलिस को ट्रांसफर।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायतकर्ता सुंदरलाल पुत्र ताराचंद सैनी नया गांव बहादुरगढ़ जिला झज्जर के निवासी हैं। उन्होंने रविवार को बताया कि वह इंडियन कोस्टगार्ड में नौकरी करते हैं और अंडमान निकोबार में पोस्टेड हैं। उनका बेटा लक्ष्य सैनी अगस्त 2025 से एनआईटी कालीकट में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। 23 अगस्त की रात 08:39 बजे लक्ष्य की आखिरी बार अपनी मां से बात हुई थी। लक्ष्य ने अपनी मां से कहा था कि मम्मी मैं अभी परेशान हूं और सोने जा रहा हूं। अगले दिन 24 अगस्त को शाम 07:15 बजे फैकल्टी एडवाइजर अंतु चैको का फोन आया। फोन पर बताया गया कि लक्ष्य ने सुसाइड अटेम्प्ट किया है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। कुछ देर बाद वाट्सऐप पर मैसेज आया कि बेटा नहीं रहा। लक्ष्य के पिता सुंदरलाल का आरोप है कि एनआईटी कैंपस में लक्ष्य की हत्या की गई है।
जल्दबाजी में पोस्टमार्टम और जबरन हस्ताक्षर का आरोप
पिता ने बताया कि 26 अगस्त को जब वह फ्लाइट से कॉलेज पहुंचे तो ओणम की छुट्टी का हवाला दिया गया। कॉलेज प्रशासन द्वारा जल्दी पोस्टमार्टम करवाया गया। केरल पुलिस ने मलयालम भाषा में स्टेटमेंट लिखकर उसकी बेटी गीतांजलि से जबरन हस्ताक्षर करवाए गए। शिकायत में सुंदरलाल ने गंभीर आरोप लगाया कि उसके बेटे को एनआईटी कालीकट के छात्र रबी, हर्ष सिंगला, हर्ष वर्धन, सागरिक, तेजस, सुखिरथ और रूममेट अविनाश व श्रीनाथ द्वारा रैगिंग व परेशान किया जाता था। पिता ने आरोप लगाया है कि इन छात्रों के साथ डीन सत्यनंद पांडा, फैकल्टी अन्नू चैको, वार्डन शरीफ, एफए मुनिश्वर ने मिलकर रैगिंग व हैरेसमेंट किया। आरोपियों ने मिलकर छात्र को मारकर फांसी का रूप दिया और सभी सबूत नष्ट किए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई कार्रवाई
लक्ष्य के पिता सुंदर लाल, मां बाला देवी के अलावा रामनिवास व मनबीर सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हरियाणा पुलिस के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से घर पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री के आदेश पर ही जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। इस जीरो एफआईआर को आगे की जांच के लिए केरल भेजा गया है। गुरुग्राम के सैनी समाज और अन्य सामाजिक लोगों में इस घटना को लेकर रोष है और सभी ने न्याय की गुहार लगाई है।