गुरुग्राम से दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे की डगर होगी आसान, 776 करोड़ से बनेगा नया एलिवेटेड रोड

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित हरियाणा के NCR क्षेत्र में शामिल शहरों में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा शहर के हिस्से में स्थित सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर करीब 4.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। जिससे द्वारका एक्सप्रेस-वे को गुरुग्राम- सोहना हाइवे से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। 776 करोड़ रुपए की इस परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।
8 लेन का होगा एलिवेटेड रोड
GMDA ने बताया कि द्वारका एक्सप्रेस-वे से गुरुग्राम- सोहना हाइवे तक आठ लेन का एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। इससे दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे के लिए आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी। इस एलिवेटेड रोड के नीचे SPR पर तीन-तीन लेन की मुख्य सड़क जबकि दो-दो लेन की सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही सर्विस रोड और प्रमुख जंक्शनों पर रैंप तैयार किए जाएंगे।
इन जगहों पर बनेंगे फ्लाईओवर
इस एलिवेटेड रोड का फायदा चार सेक्टरों में विकसित रिहायशी सोसायटियों की आबादी को मिलेगा। सेक्टर-75 और सेक्टर-75A को विभाजित कर रही मुख्य सड़क से तीन लेन का एक फ्लाईओवर शुरू होगा, जो प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के ऊपर से होता हुआ इस एलिवेटेड रोड के ऊपर आकर मिल जाएगा। अगर किसी को द्वारका एक्सप्रेस-वे से इस मुख्य सड़क की ओर जाना है तो एलिवेटेड रोड के ऊपर से फ्लाईओवर के जरिए चला जाएगा।
इसी तरह सेक्टर-69 और 70 की मुख्य सड़क पर एलिवेटेड रोड के ऊपर से गुरुग्राम- सोहना हाइवे जाने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण से दिल्ली से द्वारका एक्सप्रेस-वे के जरिए मुंबई की यात्रा आसान हो जाएगी।