मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल से केंद्र को हुई 900 करोड़ सब्सिडी की बचत, सीएम नायब सैनी ने दी जानकारी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिल्ली में एक सम्मेलन के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि राज्य में मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल का बहुत अधिक लाभ हुआ है। जो भी किसान खाद लेते हैं, उसे इस पोर्टल के माध्यम से लिंक किया गया है। इससे किसानों की डिमांड के अनुरूप सही मात्रा में खाद प्राप्त हुई है। इस व्यवस्था के कारण केंद्र सरकार को लगभग 900 करोड़ रुपए की खाद सब्सिडी की बचत हुई है।
एफपीओ मिशन और सेम की समस्या पर चर्चा
केंद्र सरकार ने एफपीओ के इकोसिस्टम को पूरे देश में सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया है। इस दिशा में हरियाणा में एफपीओ मिशन का पिछले दिनों शुभारंभ किया गया था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने दो दिवसीय ‘विकसित भारत की ओर भारत की यात्रा का वित्तपोषण’ सम्मेलन में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने हरियाणा में सेम की समस्या के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। हरियाणा में जिस प्रकार से सेम का पानी ऊपर आ गया है, लगभग 6 लाख एकड़ के करीब भूमि सेम की समस्या से ग्रस्त है। मुख्यमंत्री ने इस गंभीर समस्या के बारे में भी सम्मेलन में अपना सुझाव रखा है।
सोलर एनर्जी और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा
इस सम्मेलन के दौरान सोलर एनर्जी और ग्रीन एनर्जी पर मुख्य रूप से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सम्मेलन में सोलर व ग्रीन एनर्जी को बढ़ाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस सम्मेलन में लिए गए सभी निर्णयों के सकारात्मक परिणाम निकलेंगे। इन निर्णयों और सुझावों का लाभ पूरे देश के राज्यों को मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता और हरियाणा के वित्त विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़ सहित अन्य अधिकारीगण भी मौजूद रहे।