तोशाम में 'हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी' थीम के साथ मनाया गया राष्ट्रीय पोषण माह

तोशाम में 'हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी' थीम के साथ मनाया गया राष्ट्रीय पोषण माह

महिला एवं बाल विकास विभाग के स्थानीय कार्यालय द्वारा तोशाम में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 'हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी' थीम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम डीपीओ मंजू राणा एवं सीडीपीओ किरण के नेतृत्व तथा एसडीएम संदीप कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार अशोक कुमार रहे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पोषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ना था।

नायब तहसीलदार का स्वागत और अनुभव साझा

कार्यक्रम के दौरान नायब तहसीलदार अशोक कुमार का स्वागत किया गया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से उनके द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर वर्षों से किए जा रहे कार्यों और अनुभवों को साझा करने के लिए कहा। कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों, विशेषकर 'आपकी बेटी हमारी बेटी योजना' और 'प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना' से जुड़ी महिलाओं से भी योजनाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों के संबंध में अनुभव जाने गए। महिलाओं से यह भी पूछा गया कि आंगनबाड़ी के प्रति उनकी पहले क्या धारणा थी और वर्तमान में उनके विचारों में किस प्रकार का बदलाव आया है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को गोल्डन कार्ड वितरण

नायब तहसीलदार ने राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को इसी प्रकार लगन और मेहनत से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान स्मार्ट आंगनबाड़ी कार्यक्रम के तहत बच्चों को बेहतर प्री-स्कूल गतिविधियां करवाने वाली उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नायब तहसीलदार अशोक कुमार द्वारा गोल्डन कार्ड वितरित किए गए।

आकर्षण का केंद्र रहे स्टॉल और प्रदर्शन

कार्यक्रम स्थल पर पोषण रेसिपी स्टॉल, पोषण दीवार, पोषण रंगोली एवं पोषण मटका विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पोषण रेसिपी स्टॉल पर विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया। नायब तहसीलदार अशोक कुमार ने स्टॉल का निरीक्षण करते हुए विभिन्न व्यंजनों को बारीकी से देखा तथा उनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी ली। पोषण दीवार पर पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण संदेशों और स्लोगनों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा तैयार की गई पोषण रंगोली और पोषण मटका ने कार्यक्रम की सुंदरता बढ़ाई।

विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति

मंच संचालन विभाग की सुपरवाइजर मनोज सांगवान ने किया। कार्यक्रम के दौरान सुपरवाइजर कुसुम मलिक ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह प्रत्येक वर्ष सितंबर माह में मनाया जाता है तथा इसकी थीम हर वर्ष अलग-अलग होती है। इस वर्ष की थीम 'हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी' है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों एवं समुदाय में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में तोशाम ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं सुपरवाइजरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सुपरवाइजर कुसुम मलिक, पंकज, सुशील बाला, प्रीति, रश्मि, प्रथम टीम से सुलेखा, करण सिंह सहायक सहित अन्य विभागीय कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment