रेवाड़ी में "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" राष्ट्रीय संकल्प समारोह का आयोजन, युवाओं को दिलाई गई शपथ

रेवाड़ी में "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" राष्ट्रीय संकल्प समारोह का आयोजन, युवाओं को दिलाई गई शपथ

अटल हिन्द / मनोज गोयल

रेवाड़ी, 20 सितंबर। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” राष्ट्रीय संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत–रेवाड़ी, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा पुलिस विभाग, रेवाड़ी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं रेजांगला शहीद स्मारक, रेवाड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर किया गया।

विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने दिलाई शपथ

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

विधायक लक्ष्मण सिंह यादव बस स्टैंड, रेवाड़ी में सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को प्रोत्साहित करने एवं उनका उत्साहवर्धन करने के लिए उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री महोदय के आह्वान पर 100 सप्ताह के संकल्प “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” के अंतर्गत युवाओं को अपने दिल पर हाथ रखकर नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से इस संकल्प को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से कहा कि इस संकल्प को केवल एक शपथ तक सीमित न रखते हुए इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। स्वयं नशे से दूर रहते हुए अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

हस्ताक्षर अभियान और नुक्कड़ नाटक का आयोजन

कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान चलाकर नशामुक्त भारत का संकल्प लिया गया। युवाओं ने “नशा मुक्त युवा सेल्फी” अभियान में भाग लेकर नशामुक्ति का संदेश दिया तथा वीबीवाईएलडी क्विज़ में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, रीजनल सेंटर, कृष्ण नगर, रेवाड़ी से डॉ अनिल द्वारा प्रशिक्षित छात्राओं ने कार्यक्रम में प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। छात्राओं निधि, विजेता, बबीता, रीतू, ज्योति, सोनिया, राधिका एवं मुकेश ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे से होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। छात्राओं ने लोगों को संदेश दिया कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने का आह्वान किया।

कलाकार सतीश मस्तान और पुलिस प्रशासन का सहयोग

कार्यक्रम के सूत्रधार रेवाड़ी जिले में कला के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले प्रसिद्ध कलाकार श्री सतीश मस्तान रहे। उन्होंने प्रभावशाली मंच संचालन के माध्यम से कार्यक्रम को रोचक एवं संदेशपरक बनाए रखा तथा युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सिटी थाना रेवाड़ी के एसएचओ सूबे सिंह, आरपीएफ के एसआई रवि कुमार, एसआई श्री अशोक कुमार, एएसआई श्याम सुंदर सहित शर्मिला, राकेश, नरेश एवं तरुण यादव तथा पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही। पुलिस विभाग की टीम ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया तथा युवाओं एवं आमजन को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत–रेवाड़ी के जिला युवा अधिकारी सुमित यादव, प्रशासनिक सहायक विनय राव सहित यतिन, संदीप, कुलदीप, सुधांशु, आंचल, रवि सैनी एवं रिंकू उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई और युवाओं को नशामुक्त भारत के संकल्प से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान “नशे को ना–स्वस्थ जीवन को हाँ” तथा “नशामुक्त युवा, सशक्त युवा–विकसित भारत की पहचान” का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना रहा। मेरा युवा भारत–रेवाड़ी की ओर से युवाओं से आह्वान किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान दें।

Share:

Comments

Leave a comment