नरवाना की मंडियों में धान खरीद से पहले सफाई व्यवस्था चरमराई, आढ़तियों और किसानों में भारी रोष

नरवाना की मंडियों में धान खरीद से पहले सफाई व्यवस्था चरमराई, आढ़तियों और किसानों में भारी रोष

नरवाना की मंडियों में धान आने से पूर्व सफाई व्यवस्था नहीं,

नरेंद्र जेठी/नरवाना /25 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

पीआर धान की सरकारी खरीद एक अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। इससे पहले मार्केट कमेटी द्वारा नरवाना सहित अन्य मंडियों में सफाई व्यवस्था व अन्य मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन यह दावे केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं। क्योंकि नरवाना की मंडियों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। मेला अनाज मंडी में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे देखे जा सकते हैं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मेला अनाज मंडी में सफाई का बुरा हाल

नरवाना की मेला अनाज मंडी में सबसे ज्यादा धान की आवक आती है। ऐसे में किसानों को मंडी में जगह-जगह कम पड़ने के कारण मंडी से बाहर व कच्चे में धान डालनी पड़ती है। किसानों को धान उतारने के लिए साफ-सुथरी जगह चाहिए। लेकिन अभी तक मार्केट कमेटी द्वारा सही तरीके से सफाई नहीं करवाई गई है। जिससे आढ़तियों में इस बात का काफी रोष है।

आढ़तियों और शौचालयों की समस्याएं

आढ़तियों का कहना है कि सरकार द्वारा किसानों को साफ व सुखाकर धान लाने को कहा जाता है। लेकिन मंडियों में सफाई व्यवस्था तो होनी चाहिए। शौचालयों की बुरी स्थिति है, जिस कारण आढ़ती और मजदूरों को शौचालय के लिए बाहर जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब धान का सीजन शुरू होने से पहले शौचालयों का बुरा हाल है, तो सीजन के दौरान क्या होगा। उन्होंने यह भी कहा कि शौचालयों की नियमित सफाई होनी चाहिए।

बिजली की समस्या और प्रशासनिक प्रतिक्रिया

मंडी में दीवार के सहारे व छप्पर के नीचे पड़े हुए कचरे को साफ करवाया जाए। आढ़तियों ने कहा कि मेला अनाज मंडी के भाग-2 की बिजली को गांव से जोड़ा गया है। जिस कारण सीजन के दौरान बिजली की काफी दिक्कतें होती हैं। इस बारे में कई बार मार्केट कमेटी के अधिकारियों से मांग की जा चुकी है कि भाग-2 की बिजली को शहर से जोड़ा जाए, लेकिन अभी तक नहीं जोड़ा गया है। जिस कारण अब भी यह दिक्कत आएगी, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता। मार्किट कमेटी सचिव रोशन लाल ने कहा कि नरवाना की मंडियों की सफाई व्यवस्था के लिए ठेकेदार को कह दिया गया है। सफाई नियमित करवाई जाएगी और शौचालय की मुरम्मत करवाकर उनमें भी सफाई रखी जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment