नरवाना के जुलहेड़ा गांव में माइनर की टेल तक नहीं पहुंच रहा पानी, फसलें सूखने की कगार पर

माइनर की टेल तक नहीं पहुंच रहा पानी, फसलें सूखने के कगार पर; जुलहेड़ा के किसान पहुंचे समाधान सीवर
जुलहेड़ा के ग्रामीणों ने सीएम विंडो समेत सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कई बार दी शिकायत, समाधान नहीं होने पर जताई नाराजगी
नरवाना ,/ 22 सितम्बर/नरेंद्र जेठी /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
नरवाना के गांव जुलहेड़ा के किसानों ने गांव की माइनर की टेल तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंचने की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत भेजकर जल्द समाधान की मांग की है। माइनर की टेल तक नहीं पहुंच रहा पानी, फसलें सूखने के कगार पर। जुलहेड़ा के किसान पहुंचे समाधान शिविर।
ग्रामीणों का कहना है कि माइनर की टेल पर पिछले लंबे समय से पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। खेतों में खड़ी फसलों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। गांव के अंदर तालाब भी सूख चुके हैं जिसमें पशुओं के पीने के लिए पानी भी नहीं रहा है।
इसी बीच इस समस्या को लेकर नरवाना के समाधान शिविर में पहुंचे और किसानों ने अपनी समस्या सुनाई। समाधान शिविर में नायब तहसीलदार रणधीर सिंह ने उनकी समस्या को सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के कर्मचारियों से बात की और समस्या का समाधान करने का आश्वासन भी दिया।
गांव के पूर्व सरपंच धर्मवीर व वीरेंद्र नैन ने कहा कि इस समस्या को लेकर किसानों द्वारा सिंचाई विभाग के एसई, एसडीओ और एक्सईएन को कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं। लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने सीएम विंडो पर भी शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायत में दर्ज सीएम विंडो नंबरों का हवाला देते हुए ग्रामीणों ने कहा कि शिकायतों के बावजूद संबंधित अधिकारियों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। सिंचाई के पानी के अभाव में खेतों में फसलें सूखने की स्थिति में हैं। लगातार पानी की कमी से किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि माइनर की टेल तक पानी नहीं पहुंचने से गांव के किसानों को अपने खेतों की सिंचाई के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि माइनर की टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाया जाए, ताकि किसानों की फसलों को समय पर सिंचाई मिल सके और उन्हें आर्थिक नुकसान से राहत मिले। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सरकार और सिंचाई विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेगा। जल्द मौके पर कार्रवाई करवाकर माइनर की टेल तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
इस मौके पर गुरमीत, वीरेंद्र सिंह, दलबीर, धर्मवीर सिंह, सूरजभान नंबरदार, रामफल, कृष्णा, होशियार सिंह, अंग्रेज, दलबीर आदि ग्रामीण मौजूद रहे।