नरवाना के श्री गीता मंदिर में दिनदहाड़े चोरी, शिव परिवार से नाग देवता ले उड़ा शातिर चोर

नरवाना के श्री गीता मंदिर में दिनदहाड़े चोरी, शिव परिवार से नाग देवता ले उड़ा शातिर चोर

भगवान भी सुरक्षित नहीं, मंदिर में दिनदहाड़े पड़ा डाका, शिव परिवार से नागदेवता ले उड़ा शातिर चोर

सीसीटीवी में कैद हुआ चोर

नरवाना ,/ 22 सितम्बर/नरेंद्र जेठी /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

नरवाना में चोरों के हौसले इस कदर सातवें आसमान पर हैं कि अब उन्हें न तो कानून का खौफ है और न ही भगवान के प्रकोप का डर। बेखौफ बदमाशों ने इस बार सीधा ईश्वर के घर को ही अपना निशाना बना डाला। ताज़ा सनसनीखेज वारदात नरवाना के दिल कहे जाने वाले पंजाबी चौक स्थित प्रसिद्ध श्री गीता मंदिर की है। यहाँ दिनदहाड़े हुई चोरी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चोर मास्टरमाइंड की तरह आया और नागदेवता ले उड़ा।

शिवलिंग से तांबे का नाग गायब

मंदिर परिसर में स्थापित शिव परिवार की मूर्ति पर विराजमान तांबे के पवित्र नाग पर चोर ने बड़ी सफाई से हाथ साफ कर दिया। चोर इतने शातिराना अंदाज में आया कि आसपास मौजूद लोगों को भनक तक नहीं लगी। पलक झपकते ही आरोपी भगवान के सामने से तांबे का नाग गायब कर नौ दो ग्यारह हो गया। शातिर चोर भले ही मौके से फरार हो गया हो, लेकिन उसकी यह घिनौनी हरकत मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

सीसीटीवी में कैद हुई चोर की करतूत

फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह आरोपी ने पहले ड्रामा करते हुए शिवलिंग के आगे माथा टेका। इसके बाद उसने दाएं बाएं देखा और फिर पलक झपकते ही चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। दिनदहाड़े मंदिर के अंदर हुई इस दुस्साहसिक चोरी से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को गहरा आघात लगा है।

भक्तों में भारी गुस्सा और पुलिस की कार्रवाई

स्थानीय निवासी पूर्व पार्षद अशोक कक्कड, अशोक नागपाल, उमेश रहेजा, तिलक सचदेवा, यशपाल सचदेवा, शंटी लीखा, नरेंद्र कुकरेजा, प्रिंस रावल सहित अन्य भक्तों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। लोगों का साफ कहना है कि अगर मंदिर जैसी पवित्र जगह पर दिनदहाड़े चोरी हो सकती है, तो आम नागरिक कहाँ सुरक्षित हैं? चोरों को न तो पुलिस का डर है और न ही भगवान का। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और जायजा लिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है।

Share:

Comments

Leave a comment