नरवाना में 5वें गणपति उत्सव पर आज विशाल भंडारा और भव्य जागरण,

5वें गणपति उत्सव में आज होगा विशाल भंडारा एवं भव्य जागरण
राहुल सिंगला एंड पार्टी द्वारा होगा गणपति जी का गुणगान, बंटी राधे आर्ट्स ग्रुप प्रस्तुत करेगा मनमोहक झांकियां
नरेंद्र जेठी /नरवाना / 21 सितम्बर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
नरवाना में श्री गजानन सेवा समिति द्वारा पांचवें गणपति उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बाबा कुंडी गली नंबर 2 नरवाना में आयोजित इस उत्सव के तहत आज दिनभर धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समिति के प्रधान रवि ने यह जानकारी दी है।
आज प्रातः 11:15 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस विशाल भंडारे में सभी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
रात्रि 9:15 बजे गणपति जी महाराज का भव्य एवं विशाल जागरण आयोजित किया जाएगा। इस जागरण में नरवाना की प्रसिद्ध राहुल सिंगला एंड पार्टी द्वारा गणपति जी महाराज का गुणगान किया जाएगा। बाहर से पधारे हुए प्रसिद्ध कलाकार अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से सभी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके साथ ही बंटी राधे आर्ट्स ग्रुप, जींद द्वारा भगवान गणपति एवं देवी-देवताओं से संबंधित आकर्षक एवं मनमोहक झांकियों की प्रस्तुति दी जाएगी।
24 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
गणपति उत्सव का समापन 24 सितंबर 2026 को भव्य रूप से किया जाएगा। इस दिन दोपहर 2:00 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में गणपति जी महाराज की नगर परिक्रमा करवाई जाएगी।
सायं 6:15 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ सिरसा ब्रांच में गणपति जी महाराज का विसर्जन किया जाएगा।
समिति के प्रधान रवि ने नरवाना नगरवासियों से अपील की है। उन्होंने सभी नगरवासियों से इन धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गणपति जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाने की अपील की है। इस अवसर पर श्री गजानन सेवा समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।