नरवाना के दनौदा में लगा जागरूकता शिविर, सरकार की योजनाओं की दी जानकारी

दनौदा के सर्वजातीय बिनैण खाप चबूतरा पर जागरूकता शिविर का आयोजन
नरेंद्र जेठी/नरवाना /23 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
उपमंडल में सेवा ही संकल्प अभियान के तहत दनौदा के सर्वजातीय बिनैण खाप चबूतरा पर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया है। यह जागरूकता शिविर सेवा सेतु अभियान विषय पर लगाया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों के बारे में आम जन को जागरूक करना है। इस योजना का उद्देश्य यह है कि लोग योजना के नियम व शर्तों की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकें और ज्यादा से ज्यादा पात्र व्यक्ति इससे लाभान्वित हो सकें।
शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 42 स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर लाभार्थियों एवं आम नागरिकों को संबंधित विभाग की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। तहसीलदार विजय कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि इस शिविर में शिरकत की। उन्होंने लगाए गए सभी विभागीय स्टालों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 200 आवेदन भी प्राप्त हुए हैं।
इन प्राप्त आवेदनों में बिजली विभाग से संबंधित 50 आवेदन, आयुष विभाग के 55 आवेदन, स्वास्थ्य विभाग के 26 आवेदन, समाज कल्याण विभाग के 17 आवेदन और रोजगार विभाग के 10 आवेदन शामिल हैं। तहसीलदार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर सेवा ही संकल्प अभियान के तहत लगाया गया है। यह विशेष अभियान लगातार 17 अक्टूबर तक चलेगा।
अभियान के दौरान आयोजित होने वाले अन्य कार्यक्रम
अभियान के दौरान अलग-अलग निर्धारित तिथियों पर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ-साथ रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य कैंप, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और सड़क सुरक्षा जैसे अनेक महत्वपूर्ण जनकल्याण सरोकार से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। तहसीलदार ने यह भी बताया कि सेवा सेतु अभियान विषय के तहत उपमंडल के गांव कलौदा कलां में भी आगामी 27 सितंबर को जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
एक ही स्थान पर मिल रही सभी योजनाओं की जानकारी
तहसीलदार ने बताया कि इन सभी शिविरों का मुख्य उद्देश्य एक ही स्थान पर तमाम विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनसाधारण को अवगत करवाना है। इन शिविरों में पीएम आवास योजना, चिरायु योजना, उज्ज्वला योजना, सोलर पैनल, अनुदान पर दिए जाने वाले कृषि यंत्र, फसल बीमा योजना और लाडो लक्ष्मी योजना जैसी सभी जन कल्याणकारी योजनाओं की बारीकी से जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर बीडीपीओ तरुण सुथार, ग्राम सचिव सुभाष चंद्र, संदीप कुमार, डाटा ऑपरेटर सूर्या प्रकाश, विनोद कुमार सहित अन्य कई कर्मचारी और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।