नरवाना में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ा भारी जनसैलाब, रणदीप सुरजेवाला और कुमारी शैलजा समेत कई बड़े नेता रहे मौजूद

जन विरोधी भाजपा सरकार से किसान, युवा समेत हरियाणा का हर वर्ग त्रस्त : रणदीप सुरजेवाला
प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र, सिरसा सांसद कुमारी शैलजा,
वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह समेत कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता रहे शामिल।
नरवाना में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में विशाल जनसमर्थन,
कार्यकर्ताओं के अभूतपूर्व उत्साह और उमड़ा भारी जनसैलाब!
नरेंद्र जेठी /नरवाना /20 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
नरवाना की धरा पर आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में आज उम्मीद से कहीं अधिक भारी भीड़ और जनसैलाब उमड़ा। इस विशाल जनसमर्थन और कार्यकर्ताओं के अभूतपूर्व उत्साह को देखकर मंच पर उपस्थित सभी वरिष्ठ नेता गदगद नजर आए। इस सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय व प्रांतीय नेतृत्व सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की और आगामी राजनैतिक रणनीतियों तथा जनहित के मुद्दों पर एकजुटता का संदेश दिया।
सम्मेलन में मुख्य रूप से कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र, सिरसा लोकसभा सांसद कुमारी शैलजा, वरिष्ठ नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह समेत कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इस सम्मेलन के दौरान समूचा पंडाल गगनभेदी नारों से गूंजता रहा। उपस्थित नेताओं ने एक सुर में कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाएं, उनकी समस्याओं को सुनें और सरकार की विफलताओं को उजागर करें।
नरवाना कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता बृजेंद्र सुरजेवाला, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार सतबीर दबलैन, हरियाणा कृषक समाज प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर नैन, ब्लॉक कांग्रेस नरवाना अध्यक्ष सुरेंद्र नैन, उझाना अध्यक्ष सरदार देवेंद्र मंटा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य कैलाश सिंगला व सुशील कौशिक, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन भारत भूषण गर्ग, जगरूप सुरजेवाला, मनजीत सुरजेवाला, किसान कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नसीब जाखड़, राजबीर सन्धू, हरियाणा कृषक समाज जींद अध्यक्ष बिंदर फरैण, पूर्व वाइस चेयरमैन जिला परिषद जींद हवा सिंह नैन, मंडी के पूर्व प्रधान जियालाल गोयल, पार्षद आशुतोष शर्मा, सिरसा लोकसभा पूर्व इनेलो प्रत्याशी संदीप लोट, मंडी प्रधान जयदेव बंसल, भरत सिंह मलिक, नगर पार्षद आशुतोष कौशिक, नगर परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन राजू प्रजापति, पूर्व पार्षद अशोक कक्कड, सैनी सभा नरवाना प्रधान पूर्व पार्षद कर्मवीर सैनी, गंगा सिंह लोहचब , ईश्वर भिखेवाला, अमनदीप बेलरखा, राममेहर दनोदा, सुरेश धनौरी,
मनजीत बब्बर, छन्नाराम सैनी, डॉ. शमशेर अमरगढ़, विश्व मुस्लिम बोर्ड के पूर्व राष्ट़्रीय सचिव नानुदीन हथो सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि ये सम्मेलन केवल पार्टी संगठन की मजबूती का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि यह वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों और तानाशाही रवैये के खिलाफ प्रदेश की जनता के आक्रोश को एक सशक्त मंच देने का अभियान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से आज हरियाणा का हर वर्ग दुखी है। नायब सैनी सरकार किसान-मजदूर, गरीब, युवाओं समेत हर वर्ग को प्रताड़ित कर रही है।
हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार पर अन्नदाताओं के साथ क्रूर मजाक करने और उन्हें निजी व्यापारियों के हाथों लुटवाने का षड्यंत्र रच रही है। 12 साल से किसानों को सताने और निपटने में लगी भाजपा अब पराली के बहाने किसान विरोधी काला कानून लेकर आई है। प्रदेश के किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य केवल कागजों और विज्ञापनों तक सीमित रह गया है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि अनाज मंडियों में किसानों की गाढ़े पसीने की फसल का कोई कद्रदान नहीं है।
धान और बाजरे की खरीद पर सरकार को घेरा
सुरजेवाला ने विवरण वर्ष 2026-27 के लिए सरकार द्वारा घोषित धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (सामान्य धान के लिए रुपए 2,441 और ए-ग्रेड धान के लिए रुपए 2,461 प्रति क्विंटल) का जिक्र करते हुए कहा कि मंडियों में सरकारी खरीद न होने के कारण किसान अपनी फसल को रुपए 1,800 प्रति क्विंटल के रेट पर, यानी रूपए 650 प्रति क्विंटल के नुकसान पर, प्राइवेट खरीदारों को बेचने को मजबूर हैं। अगेती किस्मों (जैसे पूसा 1509 और पूसा 1692) का भाव जो इस महीने की शुरुआत में रुपए 4,200 प्रति क्विंटल तक था, वह अब गिरकर रुपए 3,500 पर आ गया है, जिससे किसानों को प्रति एकड़ करीब रुपए 12,000 का सीधा नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सुरजेवाला ने कहा ने कि यही हाल बाजरे के किसानों का भी है। कागजों में बाजरे की एमएसपी रूपए 2,900 प्रति क्विंटल तय की गई है, मगर मंडियों में सरकारी खरीद नदारद होने से किसान इसे रुपए 2,000 के रेट पर निजी हाथों में बेचने को मजबूर हैं। प्रति क्विंटल रुपए 900 की इस खुली लूट पर नायब सरकार ने जानबूझकर चुप्पी ओढ़ रखी है। वही केंद्रीय भाजपा सरकार पराली जलाने वाले किसानों से खेती का हक छिनने की नापाक साजिश को अंजाम दे रही है। सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है।
हरियाणा की धरती कभी अपनी खुशहाली, भाईचारे और विकास के लिए जानी जाती थी, लेकिन आज भाजपा के कुशासन में यह अपराधियों का सबसे सुरक्षित ठिकाना बन चुकी है। जेलों में बैठे गैंगस्टर्स द्वारा हमारी युवा पीढ़ी को अपराध के दलदल में धकेला जा रहा है। राज्य में खनन माफिया, ड्रग माफिया, इमिग्रेशन माफिया और गैंग माफिया का समानांतर राज चल रहा है। व्यापारियों, डॉक्टरों और उद्योगपतियों को खुलेआम धमकी भरे फोन आ रहे हैं और करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। सुरक्षा के अभाव में व्यापारी पलायन करने को मजबूर हैं। जब जनता अपराध और खौफ के साए में जीने को मजबूर है, तब मुख्यमंत्री जी हेलीकॉप्टर की सवारी करने और सार्वजनिक मंचों से चुटकुले सुनाने में व्यस्त हैं।
बीपीएल परिवारों और बेरोजगारी पर सरकार पर हमला
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आज हरियाणा का गरीब तबका अपने बुनियादी हकों के लिए तरस रहा है। प्रदेश के बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवारों से धोखाधड़ी और हकमारी की भाजपाई बेशर्मी दिनदहाड़े ज़ारी है। विधानसभा चुनाव-2024 से पहले प्रदेश में 52.50 लाख बीपीएल परिवार थे, मगर चुनाव बीतने के 6 महीने के अंदर ही 13.50 लाख परिवारों को सूची से बाहर कर दिया।
सुरजेवाला ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और लचर भर्ती प्रक्रिया पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि हरियाणा के युवा आज विज्ञापनों के नहीं, रोजगार के हकदार हैं। वे खोखले आश्वासनों के नहीं, बल्कि नियुक्ति पत्रों के हकदार हैं। आज हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों में 2 लाख से अधिक सरकारी पद खाली पड़े हैं, लेकिन युवाओं को पक्का रोजगार देने की जगह सरकार भर्तियों को ठंडे बस्ते में डाले बैठी है।
नायब सिंह सैनी सरकार एक सोची-समझी रणनीति के तहत हरियाणवी युवाओं के हक पर डाका डाल रही है। उच्च पदों और असिस्टेंट प्रोफेसर जैसी भर्तियों में 70 से 80 फीसदी पदों पर बाहरी राज्यों के युवाओं को भर्ती किया जा रहा है, जबकि हरियाणा की मिट्टी, संस्कृति और भाषा को जानने वाले प्रतिभावान स्थानीय युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। सुरजेवाला ने कहा कि जिस हरियाणा की पहचान कभी दूध-दही के खाने, समृद्ध खेती और खेल के मैदानों से होती थी, उसे भाजपा के कुशासन ने "उड़ता हरियाणा" से "उजड़ता हरियाणा" बना दिया है।
बेरोजगारी की मार झेल रही प्रदेश की युवा पीढ़ी नशे की दलदल में डूब रही है, लेकिन सैनी सरकार गहरी कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है। हरियाणा में अनेकों जगहों से लगातार आ रही मौत की खबरें सरकार के निकम्मेपन का जीता-जागता सबूत हैं, जहां झाडय़िों और गलियों में युवाओं के शवों के पास नशे के इंजेक्शन मिल रहे हैं। राज्य में ड्रग माफिया का एक समानांतर और बेहद मजबूत नेटवर्क चल रहा है, जिसे राजनैतिक और प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है। सुरजेवाला ने कहा कि जब हरियाणा का वर्तमान और भविष्य नशे की आग में झुलस रहा है, तब मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों पर सत्ता का सूखा नशा चढ़ा हुआ है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के इस हक की लड़ाई को सडक़ से लेकर विधानसभा तक लड़ेगी और भाजपा के इस युवा-विरोधी चेहरे को जनता के सामने बेनकाब करके रहेगी।
कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने की अपील
सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक ब्लॉक कार्यकर्ता इस नाइंसाफी के खिलाफ आवाज बुलंद करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि पार्टी प्रभारी श्री संजय दत्त और प्रदेश नेतृत्व के इस संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के प्रयास में पूरी ताकत से जुट जाएं। बूथ स्तर पर हर घर तक पहुंचकर हमें सरकार की विफलताओं को उजागर करना होगा।
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने उमड़े जनसैलाब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नरवाना की जनता ने आज जो उत्साह दिखाया है, वह इस बात का प्रतीक है कि जनता बदलाव और न्याय के पक्ष में खड़ी है। कार्यकर्ताओं की यह ताकत ही हमारी असली पूंजी है। सुरजेवाला ने क्षेत्र की जनता का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि नरवाना के बुजुर्गों, युवाओं और माताओं-बहनों ने जो प्यार और आशीर्वाद आज दिया है, उसने हमारी जिम्मेदारी को और बढ़ा दिया है। हम जनता के अधिकारों की लड़ाई सडक़ से लेकर संसद तक पूरी मजबूती से लड़ेंगे।
प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि नरवाना का यह कार्यकर्ता सम्मेलन हमारी संगठनात्मक शक्ति का प्रमाण है। सभी वरिष्ठ नेताओं की एक मंच पर उपस्थिति और कार्यकर्ताओं का यह जनसैलाब यह साफ करता है कि आने वाले समय में जनविरोधी ताकतों का सूपड़ा साफ होना तय है। उन्होंने कहा कि ये ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन कांग्रेस संगठन को जमीनी और बूथ स्तर पर अत्यधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम हैं।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र ने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह अभूतपूर्व जोश ही संगठन की रीढ़ है। आज के इस सफल आयोजन के लिए नरवाना के एक-एक कार्यकर्ता और आमजन को बधाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। इस संगठनात्मक अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करना तथा समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर सीधा संवाद स्थापित करना है। संगठन जितना मजबूत और सक्रिय होगा, जनता की आवाज को उतनी ही ताकत के साथ उठाया जा सकेगा।
सिरसा लोकसभा सांसद कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए कहा कि आज का यह विशाल सम्मेलन साबित करता है कि जमीनी स्तर पर पार्टी बेहद मजबूत है। महिलाओं, युवाओं और किसानों का यह जनसैलाब स्पष्ट संदेश दे रहा है कि मौजूदा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आक्रोश चरम पर है। हम सबको मिलकर हर वर्ग की आवाज बनना है। वरिष्ठ नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राजनीतिक बदलाव की बयार हमेशा जनता के संकल्प से चलती है।
नरवाना की इस ऐतिहासिक भीड़ ने यह साफ कर दिया है कि लोग अब खोखले वादों से तंग आ चुके हैं और एक सच्चे व मजबूत विकल्प के साथ खड़े हैं। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि इस जनसैलाब में युवाओं की भारी भागीदारी यह दर्शाती है कि वे अपने सुनहरे भविष्य के लिए संघर्ष करने को तैयार हैं। हम हर नागरिक के हक और सम्मान की लड़ाई को अंतिम सांस तक लड़ेंगे।