नारनौल में बिजली लाइन पर काम करते समय नीचे गिरने से युवक की दर्दनाक मौत, पीलीभीत का रहने वाला था सोनू

नारनौल के गांव फतनी में बिजली लाइन पर काम करने के दौरान अचानक नीचे गिरने से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के निवासी सोनू के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद परिजनो में कोहराम मच गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अटेली में रहकर करता था बिजली ठीक करने का काम
पुलिस के अनुसार सोनू पिछले कुछ समय से अटेली में रह रहा था। वह एक ठेकेदार के साथ बिजली लाइनों को ठीक करने और मरम्मत का काम करता था। मंगलवार को वह फतनी गांव में बिजली लाइन पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह नीचे गिर गया। इस हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने घोषित किया मृत
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार देर शाम नारनौल के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस कर रही है हादसे के कारणों की जांच
घटना की सूचना मिलते ही अटेली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक किस परिस्थिति में बिजली लाइन पर काम करते समय नीचे गिरा। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों के बयान और घटनास्थल से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।