नारनौल में पेयजल संकट से परेशान महिलाओं ने किया जोरदार प्रदर्शन, जल्द समाधान की मांग

नारनौल शहर में पिछले कुछ दिनों से पीने के पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं मिलने के कारण महिलाओं ने रोष जताया है। समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर बड़े प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
नारनौल में पानी की किल्लत से लोग परेशान
नारनौल, 03 अक्टूबर। शहर के अनेक मोहल्ले में पिछले 8-10 दिनों से पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पानी नहीं पहुंचने से पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने पानी की इस गंभीर समस्या को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।
पानी की सप्लाई में आ रही है भारी गड़बड़ी
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहल्ले में पानी की टंकी के पास और ऊपरी हिस्से में तो पानी पहुंच रहा है। लेकिन टंकी से दूर गुरुद्वारा और बड़का कुआं लाइन में पानी की सप्लाई बिल्कुल भी नहीं हो पा रही है। पिछले कई दिनों से घरों में पानी नहीं आने के कारण लोगों को दूसरे स्थानों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
मोटर खराब होने की बात कहते हैं कर्मचारी
महिलाओं सुनीता देवी, मणि शर्मा, मधु कटारिया, संतोष देवी, विमला देवी, शीला महेश्वरी, रेखा देवी, धन्वंतरी देवी और मिन्नू देवी ने बताया कि पानी की सप्लाई से जुड़े कर्मचारियों की ओर से कई बार मोटर खराब होने की बात कही जाती है। महिलाओं का कहना है कि नई मोटर लगाने के बाद भी कुछ दिनों में दोबारा मोटर खराब होने की समस्या सामने आ जाती है। इससे पानी की व्यवस्था के स्थायी समाधान को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
एक-एक बाल्टी पानी के लिए परेशान हो रहे लोग
महिलाओं ने कहा कि पानी की व्यवस्था के लिए उन्हें अपना घर का काम छोड़कर इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। पिछले वर्ष लगी मोटर से पूरे मोहल्ले में आसानी से पानी की सप्लाई होती थी। उस समय मोटर बंद होने के बावजूद ओवरफ्लो का पानी भी चलता रहता था। अब स्थिति यह है कि लोग एक-एक बाल्टी पानी के लिए बेहद परेशान हो रहे हैं। महिलाओं ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो एक बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।