नारनौल में गूगल पर बुक डिपो का नंबर खोजना लेक्चरर को पड़ा भारी, साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए 3.76 लाख रुपये

नारनौल में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। ठगों ने राजकीय महिला महाविद्यालय अटेली मंडी के लेक्चरर के बैंक खाते से तीन लाख 76 हजार 280 रुपये निकाल लिए हैं। पीड़ित लेक्चरर वर्तमान में रेवाड़ी में रहते हैं। ठगी का पता चलने के बाद उन्होंने तुरंत बैंक को सूचना दी। इसके साथ ही उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और एनसीआरपी पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
- राजकीय महिला महाविद्यालय अटेली मंडी के लेक्चरर के साथ साइबर ठगी हुई है।
- ठगों ने बैंक खाते से 3,76,280 रुपये निकाल लिए हैं।
- पीड़ित लेक्चरर ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और एनसीआरपी पर शिकायत दर्ज कराई है।
गूगल पर नंबर खोजना पड़ा भारी
पुलिस को दी गई शिकायत में लेक्चरर ने बताया कि 18 सितंबर को उन्हें कॉलेज के लिए एक किताब की स्पेसिमेन कॉपी मंगवानी थी। इसके लिए उन्होंने गूगल पर पंकज बुक डिपो का मोबाइल नंबर खोजा था। नंबर पर संपर्क करने के बाद कथित तौर पर बुक डिपो का कर्मचारी बनकर एक व्यक्ति ने बात की। उस व्यक्ति ने उनके वॉट्सऐप पर एक एपीके एप्लीकेशन भेजी थी।
वीडियो कॉल कर करवाई स्क्रीन शेयर
एप्लीकेशन में फॉर्म भरने के दौरान परेशानी आने पर दूसरे मोबाइल नंबर से वीडियो कॉल की गई। कॉल करने वाले ने लेक्चरर से स्क्रीन शेयर करवाई। फॉर्म भरने के दौरान ठग ने उनकी निजी जानकारी के साथ-साथ बैंक खाते से संबंधित जानकारी भी हासिल कर ली। इसके बाद रजिस्ट्रेशन के नाम पर दो रुपये की पेमेंट करने को कहा गया।
बैंक खाते से निकले 3.76 लाख रुपये
लेक्चरर ने अपने मोबाइल में मौजूद योनो एसबीआई एप्लीकेशन से दो रुपये का भुगतान कर दिया। भुगतान करने के बाद वे कॉलेज की कक्षा में चले गए। करीब दो घंटे बाद जब उन्होंने अपना मोबाइल देखा, तब उन्हें बैंक खाते से 3 लाख 76 हजार 280 रुपये निकाले जाने का पता चला।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
साइबर क्राइम पंचकूला से मिली ई-जीरो एफआईआर के आधार पर साइबर क्राइम थाना नारनौल में केस दर्ज किया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।