जाखल में नमो सेवा अनकही कहानियां कार्यक्रम आयोजित, नुक्कड़ नाटक के जरिए दिखाई विकास की तस्वीर

नमो सेवा—अनकही कहानियां’ ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिखाई विकास की तस्वीर
जाखल आयोजित हुए कार्यक्रम, कलाकारों ने सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के पहलुओं को किया जीवंत
जाखल 25 सितंबर/ योगेश खनेजा /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
जाखल में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत नमो सेवा अनकही कहानियां कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखल में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों के दौरान देश में हुए विभिन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी पहलों और सामाजिक बदलावों को प्रभावी एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनभागीदारी एवं जन कल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित नमो सेवा अनकही कहानियां कार्यक्रम के माध्यम से कलाकारों ने अभिनय और संवाद के जरिए सेवा, सुशासन, राष्ट्र निर्माण, विकास तथा सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विभिन्न पहलुओं को मंच पर जीवंत किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विकास और जनसेवा की गाथा को किया प्रस्तुत
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत नाटक में देश में हुए विभिन्न बदलावों और विकास पहलों को रचनात्मक ढंग से दर्शाया गया। कलाकारों ने विभिन्न पात्रों एवं प्रसंगों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। नाटक में कोरोना महामारी के दौरान देश द्वारा किए गए प्रयासों, कोविड-19 से निपटने, टीकाकरण अभियान तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वयं वैक्सीन लगवाकर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने जैसे प्रसंगों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इसके अलावा देश में विकसित हो रहे आधुनिक बुनियादी ढांचे, मेट्रो सेवाओं, रेलवे एवं रेल पुलों सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को भी प्रस्तुति का हिस्सा बनाया गया। जम्मू-कश्मीर में चिनाब रेल पुल जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं सहित देश की विकास यात्रा से जुड़े अनेक विषयों को कलाकारों ने संवाद और अभिनय के माध्यम से दर्शकों के सामने रखा।
बिना खर्ची-बिना पर्ची युवाओं को मिल रहे अवसर: अवतार सिंह
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखल में आयोजित कार्यक्रम में अवतार सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की पारदर्शी व्यवस्था के कारण आज गरीब और सामान्य परिवारों के युवाओं को भी बिना खर्ची और बिना पर्ची के योग्यता के आधार पर रोजगार एवं उच्च पदों पर पहुंचने के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आमजन को देश की विकास यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी रचनात्मक तरीके से दी जा रही है। इस दौरान जसपाल गर्ग, डॉ. राजेश कुमार, एडवोकेट प्रवीन गर्ग, शिंदा सिंह, धर्मेंद्र, खंड शिक्षा अधिकारी सुभाष भांभू, सुरेश कथूरिया, मोनिका, राकेश कुमार, प्रिंसिपल राजेश टकराल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे।