गुरुग्राम में एमएलए मुकेश शर्मा के आवास पर सज़ा भव्य गणेश दरबार, 25 सितंबर को होगा गणपति विसर्जन

गुरुग्राम के एमएलए मुकेश शर्मा के आवास पर इन दिनों भव्य श्री गणेश महोत्सव की धूम देखने को मिल रही है। 20 सितंबर से शुरू हुआ यह आयोजन 24 सितंबर तक चलेगा, जबकि 25 सितंबर को हवन-यज्ञ के साथ गणपति विसर्जन किया जाएगा। गणेश महोत्सव में गुरुग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन कर रहे हैं और भजन-कीर्तन में शामिल होकर भक्तिमय वातावरण का आनंद ले रहे हैं।
चावलों से तैयार आकर्षक गणेश प्रतिमा
एमएलए आवास, सेक्टर 21 में बनाए गए भव्य गणेश पंडाल में चावलों से तैयार की गई आकर्षक गणेश प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दरबार में गणपति बप्पा के साथ बाबा श्याम सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं, जहां श्रद्धालु श्रद्धाभाव से शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। मुकेश शर्मा ने कहा कि भगवान गणेश कष्टों को हरने और उन्नति के प्रतीक हैं। उनके आवास पर हर वर्ष गणेश जी की स्थापना की जाती है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल गुरुग्राम तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी परिवारजन गणपति बप्पा के दर्शन, पूजन और प्रसाद ग्रहण करने के लिए पहुंचते हैं।
भजन-कीर्तन से सजी भक्तिमय शाम
गणेश महोत्सव के दौरान देश के विभिन्न शहरों से प्रसिद्ध भजन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं। 20 सितंबर को कोलकाता से पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायक सौरभ शर्मा ने अपनी मधुर वाणी से गणपति दरबार में भक्ति की ऐसी छटा बिखेरी कि श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। आगामी दिनों में बरेली की अंजली द्विवेदी, वृंदावन के कुंज बिहारी दास जी, प्रसिद्ध भजन सम्राट लखबीर सिंह लक्खा जी, दिल्ली की भावना रवीश पंडित और यमुनानगर के सुमित सैनी सहित अन्य कलाकार अपनी भजन प्रस्तुतियों से गणपति दरबार को भक्तिमय बनाएंगे।
सनातन परंपराओं को परिवार के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास
मुकेश शर्मा ने कहा कि रिंगस स्थित खाटू श्याम धाम में फाल्गुन मेले के दौरान सेवा आयोजन हो या सावन में कांवड़ शिविर, उनका प्रयास सनातन संस्कृति, आस्था और सेवा की परंपराओं को निरंतर आगे बढ़ाने का रहा है। अब गणेश महोत्सव भी इसी परंपरा का हिस्सा है, जिसे पूरे परिवार और समाज के साथ मिलकर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि परिवार और समाज को एक साथ जोड़ने का माध्यम भी हैं। गणपति महोत्सव में सभी धर्म, जाति और समाज के लोगों का खुले दिल से स्वागत है।
भक्ति के साथ प्रसाद की भी विशेष व्यवस्था
गणेश महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन-प्रसाद की भी विशेष व्यवस्था की गई है। नाश्ते से लेकर भोजन और मिठाइयों तक विभिन्न प्रकार के पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजन श्रद्धालुओं को परोसे जा रहे हैं। प्रसाद व्यवस्था में पारंपरिक स्वाद और विविधता का विशेष ध्यान रखा गया है। मुकेश शर्मा ने कहा कि यह सब बाबा श्याम की कृपा और गणपति बप्पा के आशीर्वाद से संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि गणपति दरबार में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु परिवार का हिस्सा है और सभी का स्वागत पूरे प्रेम एवं श्रद्धाभाव के साथ किया जा रहा है।
25 सितंबर को हवन-यज्ञ के साथ होगा समापन
चार दिवसीय गणेश महोत्सव के बाद 25 सितंबर को हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विधि-विधान से गणपति बप्पा को विदाई दी जाएगी। महोत्सव के दौरान विधायक आवास पर लगातार भक्ति, संगीत, सेवा और प्रसाद का संगम देखने को मिल रहा है।