नूंह: मेवात के विकास और युवाओं के रोजगार को कांग्रेस देगी प्राथमिकता : दीपेंद्र हुड्डा

नूंह: मेवात के विकास और युवाओं के रोजगार को कांग्रेस देगी प्राथमिकता : दीपेंद्र हुड्डा

हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके साथ नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद और फिरोजपुर झिरका विधायक मामन खान इंजीनियर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में दीपेंद्र हुड्डा ने पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के निर्देश पर देश और प्रदेश में संगठन को मजबूत करने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा कांग्रेस की ओर से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता सम्मेलन और बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मेवात की धरती से कांग्रेस और उनके परिवार का पुराना संबंध रहा है। उन्होंने वर्ष 1947 के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके दादा स्वर्गीय रणबीर सिंह हुड्डा महात्मा गांधी के साथ मेवात आए थे। उन्होंने यहां के लोगों को पाकिस्तान जाने से रोकने के प्रयास किए थे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मेवात में मेडिकल कॉलेज, आईटीआई और आईएमटी सहित कई विकास परियोजनाएं शुरू की गईं। उन्होंने दावा किया कि रेनीवेल परियोजना के माध्यम से करीब 500 गांवों तक पेयजल पहुंचाने का प्रयास किया गया। साथ ही मेवात को रेल लाइन से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए गए, लेकिन भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद कई परियोजनाएं अधूरी रह गईं।

दीपेंद्र हुड्डा ने मेवात में बूचड़खानों के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर पहली कलम से बूचड़खानों को हटाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेवात के लोगों ने देश के लिए हमेशा कुर्बानी दी है और क्षेत्र के विकास के लिए कांग्रेस की सरकार ने पहले भी कई कार्य किए हैं।

अपने संबोधन में दीपेंद्र हुड्डा ने मेवात के दो विधायकों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने कांग्रेस के साथ धोखा किया है और जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें दम है तो चुनाव लड़कर दिखाएं। हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार में देश की बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में देश और प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि मेवात की पांचों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को जनता का समर्थन मिलेगा।

Share:

Comments

Leave a comment