मथुरा में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने नगर निगम अधिकारियों से की मुलाकात, 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

मथुरा में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने नगर निगम अधिकारियों से मुलाकात की। यह मुलाकात नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त ओजस्वी राज के साथ हुई। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने नगर आयुक्त को महानगर की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधि मंडल ने नगर आयुक्त को 16 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
सड़क निर्माण और विकास कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी
ज्ञापन में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सड़कों के निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई गई। इसके अलावा फुटपाथ व नालियों के कामों में हो रही देरी पर भी असंतोष व्यक्त किया गया। व्यापारियों ने विभिन्न विकास कार्यों में हो रही देरी की समस्या को प्रमुखता से उठाया।
नामांतरण और टैक्स से जुड़ी समस्याएं
कोतवाली रोड के व्यापारियों ने लगभग दो वर्ष पूर्व नामांतरण शुल्क जमा कर दिया था। इसके बाद भी उनका नामांतरण नहीं किए जाने की बात रखी गई। जवाहरहाट पर पाकिस्तान से आए विस्थापित दुकानदारों व निवासियों का मामला उठाया गया। तीन बार बोर्ड प्रस्ताव पास होने व उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी उनसे हाउस टैक्स व वाटर टैक्स जमा न किए जाने की बात कही गई।
दुकानों और बाजार से जुड़ी अन्य प्रमुख मांगें
आर्य समाज बंगाली घाट रोड पर 50 वर्षों से स्थित खोका दुकानों के स्थान पर पक्की दुकानें बनाकर दुकानदारों को स्वामित्व प्रदान किए जाने की मांग की गई। जिला अस्पताल के बाहर स्थित स्टॉल दुकानदारों का किराया कुछ वर्षों से जमा न किए जाने का विषय रखा गया। संपूर्ण नगर में अनउपयोगी टेलीफोन व बिजली विभाग के खंभों के लगे होने की समस्या बताई गई। आगरा रोड स्थित प्रमुख व्यावसायिक स्थल सेठ वाड़ा में सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था व सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने को कहा गया।
यातायात, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की मांग
गोविंदगंज सब्जी मंडी में सड़क, नाली व प्रकाश व्यवस्था की मांग की गई। घीया मंडी बाजार में शौचालय व प्याऊ के निर्माण की बात रखी गई। भरतपुर गेट चौराहे से चौक बाजार चौराहे तक सड़क निर्माण व प्रकाश की व्यवस्था करने को कहा गया। कोतवाली रोड स्थित भैंस बहोरा मार्ग में स्थापित डलाब घर को हटाने की मांग की गई। शहर के प्राचीन एवं विश्व प्रसिद्ध मंदिर श्री द्वारकाधीश को जाने वाले मार्ग पर साइन बोर्ड लगाने और शहर में जाम की विकराल समस्या के समाधान की मांग उठाई गई।
बैठक में उपस्थित प्रमुख लोग
इस बैठक और मुलाकात के दौरान अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, सौरभ सिंह, प्रियंका सिंह, मुख्य निर्माण अभियंता संजय चौहान, अभियंता अमरेंद्र गौतम, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र यादव और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर गोपाल उपस्थित रहे। इनके साथ ही व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, महामंत्री शशिभानु गर्ग, सुनील साहनी, उपाध्यक्ष राजवीर चौधरी पार्षद, महावीर मित्तल, वरिष्ठ मंत्री विकास जिंदल, युवा नगर अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, मथुरा वृंदावन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की मंत्री आर बी चौधरी, घीया मंडी व्यवसाय समिति के अध्यक्ष दिनेश खंडेलवाल, मंत्री धर्मवीर अग्रवाल, सेठबाड़ा व्यवसाय समिति के अध्यक्ष ओपी वर्मा, सुनील बजाज, जवाहर हॉट व्यवसाय समिति के महामंत्री जितेंद्र सेठी, आर्य समाज रोड व्यावसायिक समिति के अध्यक्ष दामोदर यादव, मंत्री राज अग्रवाल व उपाध्यक्ष डॉक्टर निंबेश्वर, स्टॉल मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्मण दास कालरा आदि व्यापारी उपस्थित रहे।