मारुति सुजुकी का बड़ा लक्ष्य: मानेसर के JIM में महिला छात्राओं की संख्या 30 प्रतिशत तक पहुंचाई जाएगी

मारुति सुजुकी का टारगेट
जेआईएम में ऊंचा माजरा, मानेसर में महिला छात्राओं की संख्या 30 प्रतिशत का लक्ष्य
ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग में कुशल और अनुभवी महिलाओं की भागीदारी बढ़ सके
महिला एडमिशन शैक्षणिक वर्ष (AY) 2025-26 के 5 बढ़ाकर 2028-29 तक 30 प्रतिशत पहुंचाना
महिला ट्रेनीज की फीस माफी, एक हॉस्टल और अच्छा वातावरण देने पर जोर
जेआईएम ऊंचा माजरा, मानेसर में 9 ट्रेड में कोर्स ऑटोमोटिव सेक्टर पर केंद्रित
फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम /22 सितंबर 2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
मानेसर । मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ("मारुति सुजुकी") भारत के ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए अपने जापान-इंडिया इंस्टीट्यूट फॉर मैन्युफैक्चरिंग ( जेआईएम ), ऊंचा माजरा, मानेसर के माध्यम से अपने प्रयासों को मज़बूत कर रही है।
जेआईएम भारत और जापान की सरकारों की एक साझा पहल है, जिसका मकसद भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए कुशल वर्कफोर्स तैयार करना है। मारुति सुजुकी ने चार जेआईएम
स्थापित किए हैं। इनमें गुजरात के मेहसाणा और गांधीनगर, तथा हरियाणा के मानेसर स्थित ऊंचा माजरा और सोनीपत शामिल हैं।
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में प्रशिक्षित महिलाओं की मजबूत पाइपलाइन तैयार करने के लिए, जेआईएम
ऊंचा माजरा, मानेसर क्षेत्रीय नौकरी के मौकों को ध्यान में रखते हुए महिला छात्राओं को दाखिला दे रहा है। पिछले दो शैक्षणिक वर्षों में लगातार बढ़े नामांकन के आधार पर, अब इंस्टीट्यूट का लक्ष्य है कि शैक्षणिक वर्ष 2028-29 तक कुल दाखिलों में महिलाओं की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत तक पहुंच जाए। जेआईएम ऊंचा माजरा, मानेसर में 9 ट्रेड में कोर्स कराए जाते हैं जो मुख्य रूप से ऑटोमोटिव सेक्टर पर केंद्रित हैं।
महिला छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों पर बात करते हुए मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड में कॉर्पोरेट अफेयर्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, राहुल भारती ने कहा, "स्किल्स में 360° पूर्णता के लिए विविधता जरूरी है। इसी सोच के साथ हम मैन्युफैक्चरिंग में महिलाओं की भागीदारी को मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। देशभर में प्रतिभाशाली महिलाएं मौजूद हैं लेकिन कई अब भी मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में मिलने वाले मौकों से अनजान हैं, या उन्होंने इसे कॅरियर के तौर पर नहीं सोचा है। हमें खुशी है कि जेआईएम ऊंचा माजरा की दो छात्नाएं इस साल मैन्युफैक्चरिंग ट्रेड में हरियाणा राज्य की टॉपर बनीं, जो इस क्षेत्र में महिलाओं की क्षमता को दिखाता है।"
उन्होंने आगे कहा, "महिला छात्राओं का नामांकन बढ़ाने के लिए हम एक व्यापक तरीका अपना रहे हैं, जो सहायक और समावेशी शिक्षा का वातावरण बनाने पर केंद्रित है। इसके तहत महिलाओं के लिए अलग हॉस्टल दिया जा रहा है, और फैकल्टी व सपोर्ट फंक्शन में भी महिलाओं की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा, इस शैक्षणिक वर्ष से हमने महिला छात्राओं के लिए 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस माफी' शुरू की है। हमारा मानना है कि इस पहल से ज्यादा युवा महिलाएं मैन्युफैक्चरिंग में करियर बनाने के लिए आगे आएंगी और भारत के औद्योगिक वर्कफोर्स को बढ़ाने में योगदान देंगी।" जेआईएम ऊंचा माजरा, मानेसर के छात्र राज्य में लगातार टॉप रैंक हासिल कर रहे हैं। इस साल इंस्टीट्यूट के छात्रों ने चार ट्रेड में टॉप रैंक हासिल की। इनमें से दो ट्रेड में तो टॉप तीनों रैंक इसी इंस्टीट्यूट के छात्रों ने ही हासिल की।