मानेसर में लगा सेवा सेतु कैंप: 25 महिलाओं का लाडो लक्ष्मी योजना में हुआ पंजीकरण और डिप्टी मेयर ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

मानेसर नगर निगम की ओर से सेवा सेतु अभियान के तहत एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप गुरुवार को आईएमटी सेक्टर-2 स्थित एचएसआईआईडीसी कार्यालय में लगाया गया। शिविर में 250 से अधिक लोगों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। कैंप के दौरान दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 25 पात्र महिलाओं का मौके पर ही पंजीकरण किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही संबंधित योजनाओं से जोड़ना है।
मुख्य अतिथि डिप्टी मेयर रीमा चौहान ने किया शिरकत
गुरुवार को आयोजित इस कैंप में नगर निगम की डिप्टी मेयर रीमा चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से वहां उपलब्ध योजनाओं एवं सेवाओं की पूरी जानकारी ली। कैंप में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर भी महिलाओं को विस्तार से जानकारी दी गई। इस योजना की पात्रता और पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में महिलाओं को अधिकारियों द्वारा मौके पर ही जानकारी उपलब्ध करवाई गई। यहां 25 महिलाओं ने मौके पर ही योजना के तहत अपना पंजीकरण करवाया।
डिप्टी मेयर ने दिलाई लोगों को नशा मुक्ति की शपथ
डिप्टी मेयर रीमा चौहान ने कैंप में मौजूद लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलवाई। उन्होंने लोगों को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशे से दूरी बनाए रखना बहुत जरूरी है।