रेवाड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जलाई न्याय साक्षरता की अलख, नशा मुक्ति व दहेज उन्मूलन का दिया संदेश

रेवाड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जलाई न्याय साक्षरता की अलख, नशा मुक्ति व दहेज उन्मूलन का दिया संदेश

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी द्वारा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार “जन, जीवन और जगत के लिए न्याय साक्षरता” जागरूकता अभियान एवं जागृति योजना-2025 के अंतर्गत एडीआर केंद्र, रेवाड़ी में विधिक साक्षरता कार्यक्रम और कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर और संस्कारम विश्वविद्यालय, झज्जर के विधि विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों, नागरिकों के कानूनी अधिकारों और विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर अधिवक्ता राजीव गुप्ता ने विद्यार्थियों को मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की और मोटर वाहन दुर्घटनाओं के मामलों में पीड़ितों को मिलने वाले कानूनी अधिकारों व सहायता के बारे में बताया।

दहेज निषेध अधिनियम और कानूनी उपायों की जानकारी

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को दहेज निषेध अधिनियम के प्रावधानों के बारे में भी पूरी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को दहेज लेने-देन से संबंधित कानूनी प्रावधानों, दहेज प्रथा के सामाजिक व कानूनी दुष्प्रभावों तथा दहेज उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध कानूनी उपायों के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों से समाज में दहेज प्रथा के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और लोगों को दहेज रहित विवाह के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी

मुख्य कानूनी सहायता बचाव अधिवक्ता हरीश कुमार शर्मा और पैनल अधिवक्ता विकास यादव ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए अपने आसपास के आमजन को जागरूक करें।

नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन

कार्यक्रम के अंतर्गत न्याय साक्षरता अभियान के साथ-साथ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के ‘डॉन’ यानी नशा जागरूकता एवं स्वस्थ जीवन मार्गदर्शन अभियान के तहत नशा मुक्ति व नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। इस जागरूकता रैली को डॉ. रेनू सोलखे, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रेवाड़ी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, नशा मुक्त समाज के निर्माण, दहेज प्रथा के उन्मूलन और आमजन को कानूनी अधिकारों व निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। इस पूरे कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विधिक रूप से जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें समाज में न्याय, विधिक सहायता, दहेज प्रथा के विरुद्ध जागरूकता और नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना था।

Share:

Comments

Leave a comment