लाडवा के छात्र उमंग ने मलेशिया में जीता स्वर्ण पदक, ताइक्वांडो चैंपियनशिप में लहराया तिरंगा

साईग्रेस इंटरनेशनल स्कूल के छात्र उमंग ने मलेशिया में तिरंगा लहराया, अंडर-14 ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक
छात्र उमंग ने भारत का किया प्रतिनिधित्व; स्कूल से मेहरा गांव तक निकाला रोड शो
मानव गर्ग/लाडवा// 24 सितम्बर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
लाडवा के साई ग्रेस इंटरनेशनल स्कूल के आठवीं कक्षा के छात्र उमंग ने अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उमंग ने मलेशिया के कुआलालंपुर में 18 व 19 सितंबर को आयोजित पांचवीं गेविन एशिया स्कूल्स इंटरनेशनल मो डुक क्वान ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अंडर-14 वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में उमंग ने भारत देश का प्रतिनिधित्व किया था।
स्कूल के निदेशक और कोच की प्रतिक्रिया
स्कूल के निदेशक आचार्य राहुल भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। विद्यालय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराना है। उमंग अपने कोच कमल वर्मा के मार्गदर्शन में इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए मलेशिया गया था। उमंग और अन्य विद्यार्थियों ने करीब एक सप्ताह मलेशिया में रहकर इस खेल प्रतियोगिता में भाग लिया।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद लाडवा वापसी और रोड शो
स्वर्ण पदक जीतने के बाद छात्र उमंग 23 सितंबर की सुबह वापस लाडवा लौट आया। उमंग के स्कूल पहुंचने पर उसका जोरदार स्वागत किया गया। गांव मेहरा से करीब 200 लोग वाहनों के बड़े काफिले के साथ स्कूल पहुंचे थे। इसके बाद स्कूल से उमंग के सम्मान में एक भव्य रोड शो निकाला गया। यह रोड शो लाडवा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अंत में गांव मेहरा पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने उमंग का स्वागत किया और उसकी इस बड़ी उपलब्धि पर अपनी खुशी जताई।
ग्रामीणों का स्वागत और सुमन सैनी से मुलाकात
गांव मेहरा पहुंचने पर वहां के ग्रामीणों ने भी छात्र उमंग का जोरदार स्वागत किया। इससे पहले लाडवा स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने भी उमंग से विशेष मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उमंग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने पर अपनी तरफ से शुभकामनाएं दीं।