लाडवा के शिवाला रामकुण्डी में लगा सेवा सेतु शिविर, उमड़ी भीड़

लाडवा के शिवाला रामकुण्डी में लगा सेवा सेतु शिविर, उमड़ी भीड़

शिवाला रामकुण्डी में आयोजित सेवा सेतु शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़, अधिकारियों के समक्ष रखी समस्याएं

किसानों को बांटे आयुर्वेदिक पौधे; शहीदों को किया नमन

मानव गर्ग/लाडवा /23 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

हरियाणा सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत लाडवा की शिवाला रामकुण्डी में बुधवार को सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समक्ष रखीं। शिविर का शुभारंभ नगर पालिका प्रधान साक्षी खुराना, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता व मार्केट कमेटी अध्यक्ष डा. गणेश दत्त ने दीप प्रज्वलित कर किया।

नगरपालिका प्रधान साक्षी खुराना ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से लाडवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य करवाए जा रहे हैं। सडक़, नालियों, स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य लाडवा विधानसभा क्षेत्र का चौमुखी विकास करवाना है, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सेवा सेतु जैसे शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और सुविधाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाया जा रहा है तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों का बलिदान समाज और आने वाली पीढि़यों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

योजनाओं की जानकारी और मौके पर समाधान

सेवा सेतु शिविर में अलग-अलग विभागों की ओर से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। शिविर में बुजुर्गों की पेंशन से संबंधित कार्य मौके पर किए गए। वहीं महिलाओं को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की जानकारी देने के साथ उनके आवेदन भी लिए गए। इसके अलावा सरकार की ओर से सब्सिडी पर 500 रुपये में गैस सिलेंडर कनेक्शन उपलब्ध करवाने सहित अनेक योजनाओं के संबंध में लोगों को जानकारी दी गई और पात्र लोगों की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाई गई। वहीं शिविर में विश्व आयुर्वेदिक दिवस के अवसर पर किसानों को आयुर्वेदिक पौधे भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने लोगों को आयुर्वेदिक पौधों के महत्व और उनके उपयोग की जानकारी दी व अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया गया।

प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद

एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े, इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने कहा कि शिविर में पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना गया। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव था, उन्हें मौके पर ही निपटाने का प्रयास किया गया, जबकि जिन मामलों में दस्तावेज या विभागीय प्रक्रिया की आवश्यकता थी, उनमें लोगों को आगे की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सुनते हुए नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई की जाए। मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. ऋषिपाल भारद्वाज, एसडीएम राजेश कुमार सोनी, तहसीलदार नवम धानिया, नायब तहसीलदार बलकार सिंह, नगर पालिका सचिव नीरज सैनी, प्रदीप सहगल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment