लाडवा में 9 अक्टूबर को निकलेगी भव्य राम बारात, चारों भाइयों की होगी घुड़चढ़ी और विवाह का आयोजन

लाडवा में 9 अक्टूबर को निकलेगी भव्य राम बारात, चारों भाइयों की होगी घुड़चढ़ी और विवाह का आयोजन

9 अक्टूबर को निकलेगी भव्य राम बारात, चारों भाइयों की होगी घुड़चढ़ी

नगर भ्रमण के बाद रामलीला मंच पर होगा श्रीराम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न के विवाह का भव्य आयोजन

लाडवा /04अक्टूबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

लाडवा में 9 अक्टूबर को श्री राम हनुमान रामलीला समिति की ओर से भव्य राम बारात निकाली जाएगी। इस धार्मिक आयोजन को लेकर समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

  • 9 अक्टूबर को निकलेगी भव्य राम बारात
  • राजा दशरथ और चारों भाइयों की होगी घुड़चढ़ी
  • रामलीला मंच पर होगा श्री राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न का विवाह

राम बारात और घुड़चढ़ी की रस्म

लाडवा में श्री राम हनुमान रामलीला समिति लाडवा की ओर से प्रभु श्री राम की लीला के अंतर्गत 9 अक्टूबर को भव्य राम बारात निकाली जाएगी। राम बारात को लेकर समिति की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। बारात में राजा दशरथ के साथ प्रभु श्री राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न चारों भाइयों की घुड़चढ़ी की रस्म श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ होगी। समिति के प्रधान राजेश वर्मा ने बताया कि चारों भाइयों की घुड़चढ़ी सत्यम एन्क्लेव स्थित श्री अग्रवाल सभा के पूर्व प्रधान दुर्गेश गोयल एवं भारत विकास परिषद के पूर्व प्रधान अमन गोयल के निवास स्थान पर होगी।

नगर भ्रमण और स्वागत की तैयारियां

इसके बाद राम बारात नगर खेड़े पर पहुंचेगी, जहां पूजा-अर्चना के बाद बारात नगर भ्रमण के लिए रवाना होगी। राम बारात बजाजा बाजार, बाजार चौक, शिवाला रामकुंडी, अंबेडकर चौक और कश्यप चौक से होते हुए ठाकुरी देवी स्कूल के बाहर स्थित रामलीला मैदान पहुंचेगी। यहां मिथिला वासियों की ओर से बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा। समिति के अनुसार समाजसेवी राजेश गर्ग एवं राजीव गुलाटी के परिवारजनों द्वारा बारात के स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई है।

विवाह रस्में और श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था

इसके बाद रामलीला मंच पर श्री राम-सीता, लक्ष्मण-उर्मिला, भरत-मांडवी तथा शत्रुघ्न-श्रुतकीर्ति के विवाह की रस्में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न करवाई जाएंगी। इस दौरान रामलीला मैदान में धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण देखने को मिलेगा। समिति के प्रधान राजेश वर्मा ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित राम बारात और विवाह समारोह में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राम बारात धार्मिक आयोजन के साथ-साथ हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने वाला सामूहिक उत्सव है। समिति की ओर से विवाह समारोह में श्रद्धालुओं के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है। इस अवसर पर घनश्याम कम्बोज, अमित सिंघल, विपिन कुमार, विपिन कंबोज, नरेश गर्ग, अरुण करुड़वाल, सोमनाथ, राकेश गर्ग, योगेंद्र कुमार, रणित, राजेश अरोड़ा, इशांत आदि उपस्थित थे।

Share:

Comments

Leave a comment