लाडवा में खेल, शिक्षा और धार्मिक आयोजनों की धूम, मदर टेरेसा स्कूल की टीम ने जीता स्वर्ण पदक

लाडवा में खेल, शिक्षा और धार्मिक आयोजनों की धूम, मदर टेरेसा स्कूल की टीम ने जीता स्वर्ण पदक

लाडवा क्षेत्र में विभिन्न आयोजनों और प्रतियोगिताओं का दौर जारी है। इस दौरान खेलकूद, शिक्षा और धार्मिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

मदर टेरेसा स्कूल की बास्केटबॉल टीम ने रचा इतिहास

मदर टेरेसा मॉडर्न पब्लिक स्कूल की अंडर-14 बालिका बास्केटबॉल टीम ने बिहार के रोहतास में आयोजित सीबीएसई बास्केटबॉल नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। प्राचार्या पूजा सक्सेना ने बताया कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। विद्यालय विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में प्रतिभा निखारने के लिए लगातार प्रोत्साहित करता है। इस उपलब्धि की खास बात यह है कि कुरुक्षेत्र जिले को बास्केटबॉल में 18 वर्ष बाद स्वर्ण पदक मिला है। इससे पहले कुरुक्षेत्र के द्रोणाचार्य स्टेडियम की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। लंबे अंतराल के बाद मदर टेरेसा मॉडर्न पब्लिक स्कूल की अंडर-14 बालिका टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर जिले के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है। वहीं प्रशिक्षक ज्योति शाह ने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान एकजुट होकर मेहनत की और प्रत्येक मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना खिलाड़ियों और पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अर्ली स्टेप प्री स्कूल के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जीते पदक

अर्ली स्टेप प्री स्कूल लाडवा के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न पुरस्कार हासिल किए। विद्यालय की प्राचार्या सोनिया गोयल ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थी रणव ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। वहीं सिद्धार्थ और सूरज ने तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए कांस्य पदक के साथ नकद पुरस्कार जीता है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने खुशी जताई। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने के बाद विद्यालय पहुंचने पर स्टाफ सदस्यों ने रणव, सिद्धार्थ और सूरज का बधाई देकर स्वागत किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की प्राचार्या सोनिया गोयल ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य बच्चों को भी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी। विद्यालय परिवार की ओर से रणव, सिद्धार्थ और सूरज को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

लाडवा में श्रीमद्भागवत कथा का हुआ भव्य शुभारंभ

लाडवा की शिवाला रामकुंडी में जीबीपीएस ट्रस्ट वृंदावन के मार्गदर्शन में जीबीपीएस भक्तवृन्द, लाडवा की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ है। कथा के प्रथम दिन स्वामी तेजस्वी दास जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करने वाली दिव्य कथा है। मनुष्य चाहे कितनी भी सांसारिक व्यस्तताओं में उलझा हो, लेकिन सत्संग और भगवान के नाम का स्मरण उसके मन को शांति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने व्यवहार में प्रेम, दया, सेवा, संयम और सदाचार को अपनाना भी भक्ति का ही स्वरूप है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे कथा में सुनाए जाने वाले भगवान के संदेश को अपने जीवन में उतारें और अपने बच्चों को भी धार्मिक एवं संस्कारपूर्ण वातावरण प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मनुष्य का जीवन अनमोल है और इसे केवल भौतिक सुख-सुविधाओं को प्राप्त करने में नहीं गंवाना चाहिए। भगवान का नाम, संतों का संग और जरूरतमंदों की सेवा जीवन को सार्थक बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सत्संग से मनुष्य के विचारों में सकारात्मक परिवर्तन आता है और उसे अपने कर्तव्यों का बोध होता है। वहीं जीबीपीएस भक्तवृन्द, लाडवा के सेवक सतीश मंगला ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन भगवान श्री राधा दामोदर जी की कृपा एवं विश्वगुरु श्रील जीव गोस्वामीपाद जी के शुभाशीर्वाद से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति, भारतीय संस्कृति और सनातन संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित कथा में पहुंचकर संतों के प्रवचनों का लाभ लेने का आह्वान किया। वहीं कथा के प्रथम दिन की समाप्ति पर समाजसेवी लक्की गर्ग, सतीश मंगला, आशु मित्तल, पवन गर्ग, यशपाल केसरी व श्याम सुंदर ने भगवान की महाआरती की।

शहीद भगत सिंह की जयंती पर निकाली गई तिरंगा यात्रा

शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर शहीद भगत सिंह फ्रेंड्स क्लब की ओर से शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई है। तिरंगा यात्रा शहर के विभिन्न बाजारों से होती हुई लाडवा के मुख्य बाजार स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई। क्लब के सेवक जोगध्यान ने बताया कि शहीद भगत सिंह फ्रेंड्स क्लब की ओर से पिछले करीब पांच वर्षों से लगातार शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश के महान क्रांतिकारियों के जीवन, संघर्ष और बलिदान से अवगत करवाना है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश की आजादी के लिए दिए गए उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों के विचारों और देशप्रेम को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वहीं तिरंगा यात्रा के शहीद भगत सिंह चौक पहुंचने पर क्लब के सदस्यों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

बरोट के स्कूल में मनाई गई शहीद भगत सिंह की जयंती

गांव बरोट स्थित शहीद भगत सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती धूमधाम से मनाई गई है। प्राचार्य मुकेश चंद ने विद्यार्थियों को शहीद भगत सिंह के जीवन, संघर्ष और देश के लिए किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भगत सिंह का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विद्यार्थियों को उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं स्कूल की चेयरमैन उषा देवी की ओर से विद्यार्थियों में प्रसाद वितरित किया गया है। मौके पर स्कूल स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे।

नामदेश्वर महादेव मंदिर में भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे का आयोजन

लाडवा-पिंडली मार्ग स्थित नामदेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को भजन-कीर्तन एवं सत्संग का आयोजन किया गया है। इसमें श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के भजनों का गुणगान कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। दोपहर को महाआरती के बाद विशाल भंडारा लगाया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कढ़ी-चावल और हलवे का प्रसाद ग्रहण किया। हेल्पिंग हैंड संस्था के प्रधान आरडी अरोड़ा ने बताया कि रवि कुमार और अमित कुमार ने कुछ दिन पहले भगवान भोलेनाथ से मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने के उपलक्ष्य में उनकी ओर से मंदिर में भजन-कीर्तन, सत्संग, महाआरती और भंडारे का आयोजन करवाया गया है। सुबह आयोजित भजन-कीर्तन में महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ के सुंदर भजनों का गायन किया। श्रद्धालु भजनों पर भाव-विभोर नजर आए और मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इसके बाद विधिवत महाआरती की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं महाआरती के बाद भंडारे का शुभारंभ किया गया। श्रद्धालुओं को कढ़ी-चावल और हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

हिंदू स्कूल लाडवा में मनाई गई शहीद भगत सिंह की 109वीं जयंती

हिंदू स्कूल लाडवा में 28 सितंबर को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 109वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई है। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने महान क्रांतिकारी भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। विद्यालय के प्रधान प्रबंधक समिति के प्रधान पवन गर्ग ने कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन देशभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर युवाओं के सामने राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। उनके विचार और आदर्श आज भी युवा पीढ़ी को देशहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्य योगिता अहलूवालिया ने कहा कि विद्यार्थियों को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और संघर्ष से परिचित करवाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह का जीवन हमें निडरता, अनुशासन, त्याग और देश के प्रति समर्पण की सीख देता है। विद्यार्थियों को उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भगत सिंह के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और देश के प्रति उनके बलिदान पर अपने विचार भी प्रस्तुत किए। विद्यालय स्टाफ ने विद्यार्थियों को शहीद-ए-आजम भगत सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

जल संरक्षण को लेकर आईजी नेशनल कॉलेज में हुआ जागरूकता व्याख्यान

इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज, लाडवा में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत कॉलेज परिसर में एनएसएस शाखा और इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल मुख्य वक्ता रहे। डॉ. मोहन लाल ने विद्यार्थियों को जल के महत्व और उसके संरक्षण के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जल हमारे जीवन का आधार है। जल के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जल का सदुपयोग करते हुए इसकी बर्बादी रोकने के लिए प्रयास करने चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने घर और आसपास के क्षेत्र से ही जल संरक्षण की शुरुआत करें और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। कॉलेज प्राचार्य प्रो. कुशल पाल ने भी विद्यार्थियों के साथ जल संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि जल की प्रत्येक बूंद अनमोल है और भविष्य में जल संकट से बचने के लिए आज से ही इसके संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास करने आवश्यक हैं। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुमन सिवाच ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्राचार्य प्रो. कुशल पाल और मुख्य वक्ता डॉ. मोहन लाल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कॉलेज के विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

ग्लोब हेरिटेज स्कूल ने राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में जीते 11 पदक

ग्लोब हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में परचम लहराया है। स्कूल के खेलकूद विभाग के अध्यापक संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कुरुक्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में ग्लोब हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के 11 विद्यार्थियों ने भाग लिया और 4 स्वर्ण, 5 रजत व 2 कांस्य पदकों के साथ कुल 11 पदक जीते। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में माणिक, गुरनूर, यश व दिग्विजय ने स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं एविक कम्बोज, मोहित, एरिक, युवराज व केशव राणा ने रजत पदक जीता और कुणाल व सार्थक ने कांस्य पदक अपने नाम किया है। स्कूल में पहुंचने पर विजेताओं का स्वागत किया गया। प्राचार्या रीतू सिंगला ने विजेताओं का स्वागत करने के पश्चात उनको शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों ने इस चैंपियनशिप में भाग लिया वो सभी बधाई के पात्र हैं क्योंकि किसी भी प्रतियोगिता में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करना ही अपने आप में महत्वपूर्ण है और उसमें पदक जीतना सोने पर सुहागा जैसा है। स्कूल प्रबंधक समिति के प्रधान रंजना गोयल व महासचिव संजीव अग्रवाल ने कराटे टीम के प्रशिक्षक को भी बधाई देते हुए कहा कि इसका श्रेय विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ-साथ प्रशिक्षक को भी शत-प्रतिशत जाता है जो बच्चों को इतनी मेहनत कराने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। उन्होंने इस जीत को ग्लोब हेरिटेज टीम की जीत बताते हुए कहा कि स्कूल में शैक्षिक अध्ययन के साथ बच्चों के शारीरिक विकास के लिए खेलकूद, मानसिक विकास के लिए आर्ट एवं क्राफ्ट व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर बच्चों को प्रतिभागिता हमेशा कराई जाती रहेगी।

Share:

Comments

Leave a comment