लाडवा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन: दीपेन्द्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर बोला हमला, कहा- कांग्रेस राज में जहाज में जाता था धान

कांग्रेस सरकार में धान जहाज में जाता था, अब भाजपा सरकार के राज में ब्याज में जा रहा है: दीपेन्द्र हुड्डा
लाडवा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
मानव गर्ग /लाडवा /25 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
लाडवा-पिंडली मार्ग स्थित एक निजी पैलेस में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का आयोजन जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मेवा सिंह ने किया। कार्यक्रम में रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्य रूप से शिरकत की। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कार्यक्रम में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग मौजूदा सरकार से बहुत परेशान है। किसानों को उनकी फसलों के उचित भाव बिल्कुल नहीं मिल रहे हैं। राज्य में अभी तक धान की सरकारी खरीद भी शुरू नहीं हुई है।
व्यापारियों के लिए भी कारोबार करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। आए दिन व्यापारियों को धमकी भरे फोन आ रहे हैं। व्यापारियों से फिरौती मांगे जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
कांग्रेस शासनकाल का जिक्र करते हुए सांसद ने बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली सरकार के समय धान की फसल जहाज में जाती थी। लेकिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यकाल में धान ब्याज में जा रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति प्रदेश की मौजूदा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती है।
आज किसान अपनी फसल के उचित दाम के लिए बेहद परेशान है। आम आदमी भी चैन से जीवन नहीं जी पा रहा है। युवा वर्ग की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार के सभी दावों और जुमलों को अच्छी तरह समझ चुकी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह ने भी इस दौरान कड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का अपना विधानसभा क्षेत्र होने के बावजूद लाडवा में विकास कार्यों की स्थिति बिल्कुल संतोषजनक नहीं है। मुख्यमंत्री के कार्यकाल को करीब दो वर्ष हो चुके हैं, लेकिन लाडवा को अभी तक बाईपास की ठोस सौगात नहीं मिली है। बाईपास की घोषणा होना तो दूर, अभी तक जमीन पर कोई काम शुरू नहीं हुआ है।
लाडवा विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कें बेहद बदहाल स्थिति में हैं। क्षेत्र में रोजगार और बड़े विकास कार्यों की भारी कमी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर लाडवा विधानसभा क्षेत्र की पूरी तरह अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया।
इस अवसर पर कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसद वरूण मुलाना, पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, विधायक अशोक अरोड़ा और विधायक मनदीप चट्ठा मौजूद रहे। इसके अलावा जिला पार्षद जसबीर पंजेटा, ब्लॉक प्रधान पगवंत विर्क, सिमरनजीत बकाली, गुरदेव सूरा, प्रदीप पंजेटा, अश्वनी शर्मा, रविंदर गुप्ता और डॉ. अमन पंजेटा आदि भी मौके पर मौजूद रहे।