अब 1.80 लाख आय वाले परिवारों को भी मिलेगा लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ : नायब सैनी

अब 1.80 लाख आय वाले परिवारों को भी मिलेगा लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ : नायब सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बड़ा ऐलान किया है। नवंबर के महीने में 1.80 लाख रुपए तक आय वाली पात्र महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा। सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी नाम से एक महत्वपूर्ण योजना को लागू किया है। इस योजना के जरिए महिलाओं को प्रति महीने 2100 रुपए देने के वायदे को पूरा किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को इस योजना का विस्तार किया गया था। अब 1.80 लाख वार्षिक आय वाले परिवार को योजना का लाभार्थी बनाया गया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि योजना के विस्तार के बाद अब आवेदन के लिए पोर्टल को खोल दिया गया है। पात्र महिलाओं को एक नवंबर के दिन इस योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2000 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ऑनलाइन माध्यम से उनके खातों में भेजी जा चुकी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को लाडवा विधानसभा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान बोल रहे थे।

बिना पर्ची और खर्ची के युवाओं को मिल रही सरकारी नौकरी

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने पिछले 12 साल में प्रदेश के 2 लाख युवाओं को बिना खर्ची और पर्ची के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी है। इससे पहले की सरकार में सरकारी नौकरी पाने के लिए पैसा और सिफारिश ढूंढनी पड़ती थी। लेकिन अब गरीब का बेटा ग्रुप डी से लेकर एचसीएस तक की नौकरी अपनी योग्यता के आधार पर पा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बहुत तेज गति के साथ विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

गांवों के विकास के लिए की गई करोड़ों की घोषणाएं

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने दौरे के दौरान कई गांवों के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने गांव कालीरानों में गांव के विकास के लिए 21 लाख रुपए और लाइब्रेरी की किताबों के लिए 2 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही गांव सुल्तानपुर में 21 लाख रुपए गांव के विकास के लिए और 5 लाख रुपए गुरुद्वारा साहिब में देने की घोषणा की गई। इसी तरह गांव सोंटी, गांव बीड सोंटी और वहां के गुरुद्वारा साहिब में 21-21 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की गई है। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा और मुख्यमंत्री के ओएसडी महेन्द्र सैनी भी वहां उपस्थित रहे।

चुनाव से पहले किए गए वादों को किया जा रहा है पूरा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चुनाव से पहले हरियाणा सरकार ने नागरिकों से कुल 217 वायदे किए थे। इनमें से सरकार द्वारा अब तक 70 वायदों को पूरा करने का काम किया जा चुका है। बाकी के वादों पर भी बहुत तीव्र गति से काम किया जा रहा है। सरकार द्वारा शपथ लेते ही अपने सभी वादों को पूरा करने का काम पूरी तरह से शुरू कर दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नेशनल हाईवे और अन्य बड़े मार्गों से जोड़ने के लिए सड़कों का एक बड़ा जाल बिछाने का काम किया गया है।

किसानों की सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का किया जा रहा है काम

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश में सबसे पहले हरियाणा प्रदेश सरकार ने ही किसानों की सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का काम शुरू किया है। कांग्रेस पार्टी के नेता सरकार से 24 फसलों की पूरी जानकारी मांग रहे हैं। उन्हें इस बात का भी पूर्ण ज्ञान नहीं है कि प्रदेश में किसानों द्वारा कितनी प्रकार की फसलों का उत्पादन किया जा रहा है। अब विपक्ष के लोग एमएसपी के नाम पर झूठ बोलते हुए किसानों के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा और अन्य कई गणमान्य व्यक्ति वहां मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment