कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में यूटीडी टैलेंट शो का समापन, विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को मिला सम्मान

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में यूटीडी टैलेंट शो प्रतियोगिता 2026-27 के फाइनल एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय शिक्षण विभागों यानी यूटीडी के लगभग 200 विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं कलात्मक कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
प्रतियोगिता के अंतर्गत भाषण, गायन, नृत्य, मोनो एक्टिंग, पेंटिंग, काव्य गोष्ठी, मिमिक्री, क्विज एवं वाद्य यंत्र वादन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता के विभिन्न चरण 22, 24, 25 एवं 30 सितंबर को आयोजित किए गए। समारोह के मुख्य अतिथि छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए.आर. चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विजेताओं को प्रदान किए गए पुरस्कार
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार के रूप में 900 रुपये और प्रमाण-पत्र दिया गया। द्वितीय पुरस्कार के रूप में 750 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 600 रुपये और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। मोनो एक्टिंग में विशाल कुमार प्रथम, अमित द्वितीय तथा वैशाली लोहान तृतीय स्थान पर रहे।
बैंड की विशेष प्रस्तुति और अन्य कार्यक्रम
बैंड द विंडो सीट के कलाकारों ने विशेष प्रस्तुति देकर सभी की वाह-वाही लूटी। वाणिज्य विभाग द्वारा एम.कॉम. विद्यार्थियों के लिए फंडामेंटल्स ऑफ इन्वेस्टमेंट पर विस्तार व्याख्यान आयोजित किया गया। महात्मा गांधी अखिल भारतीय सेवा प्रशिक्षण संस्थान के निर्देशन में हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए मॉक इंटरव्यू आयोजित किए गए।