कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विकसित भारत-2047 और एनएसएस स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में लोक प्रशासन विभाग द्वारा राष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ किया गया। विकसित भारत-2047 के निर्माण के लिए आर्थिक विकास के साथ भारतीय सभ्यता, संस्कार और अच्छे नागरिकों के निर्माण पर ध्यान देना आवश्यक है। युवा, महिला, गरीब और किसान सहित समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए दूरदर्शी नीतियाँ तैयार करना आवश्यक है। यह उद्गार राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में लोक प्रशासन विभाग द्वारा न्यू पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन सोसाइटी आफ इंडिया के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि व्यक्त किए।
युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ऊर्जा
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में एनएसएस दिवस समारोह के उपलक्ष्य में सेमिनार एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ऊर्जा है। जब यह ऊर्जा सेवा एवं सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की दिशा में प्रवाहित होती है, तो राष्ट्र की प्रगति को नई गति मिलती है। वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यक्रम अधिकारियों, एनएसएस इकाइयों एवं स्वयंसेवकों को विश्वविद्यालय स्तरीय पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यूआईईटी में अभिव्यक्ति टैलेंट शो का आयोजन
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में यूआईईटी में सांस्कृतिक समिति द्वारा अभिव्यक्ति टैलेंट शो का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ यूआईईटी के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने रंग-बिरंगे गुब्बारे हवा में उड़ाकर किया। इस अवसर पर प्रो. सुनील ढींगरा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में अभिव्यक्ति के मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। टैलेंट शो के अंतर्गत विभिन्न तकनीकी एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
एनएसएस स्थापना दिवस पर पौधारोपण अभियान
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में यूटीडी की एनएसएस इकाई द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम एवं वोकल फॉर लोकल सपोर्ट अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर ए. आर. चौधरी की अगुवाई तथा डॉ. राज रतन एवं डॉ. सतीश कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने विभिन्न प्रजातियों के 50 फल एवं फूलदार पौधे लगाए।