कुरुक्षेत्र वासियों को जाम से मिलेगा छुटकारा, 5.75 करोड़ रुपये की लागत से यहां बनेगी सड़क

हरियाणा में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। लोगों को बेहतर यातायात की सुविधा देने के लिए राज्य में लगातार हाईवे- एक्सप्रेसवे और नए सड़क मार्गों का निर्माण किया जा रहा है। इसी बीच सरकार ने धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को बड़ी सौगात दी है।
कुरुक्षेत्र वासियों को आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। यहां रेलवे एलिवेटेड ट्रैक के समानांतर नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। सरकार ने इसे मंजूरी दे दी है।
कहां से कहां तक बनेगी सड़क?
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि कुरुक्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए रेलवे एलिवेटेड ट्रैक के समानांतर नई सड़क के निर्माण के लिए सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सड़क एलसी-61सी (विश्वविद्यालय गेट नंबर-3 के पास) से एलसी-65सी (पुराने बस स्टैंड के पास) तक बनाई जाएगी। यह सड़क रेलवे के राइट ऑफ वे में प्रस्तावित है। इसका निर्माण रेलवे से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) और अन्य वैधानिक मंजूरियां प्राप्त होने के अधीन रहेगा।
5.75 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी सड़क
मिली जानकारी के अनुसार प्रस्तावित सड़क की लंबाई लगभग 3.20 किलोमीटर और चौड़ाई 7 मीटर होगी। इसके निर्माण पर करीब 5.75 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। इस नई सड़क के बनने के बाद लोगों को बड़ा फायदा होगा और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
बता दें कि कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव, सूर्य ग्रहण सहित अन्य बड़े धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजन होते है। इस दौरान जिले में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है। जिससे शहर की मौजूदा सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। लेकिन अब इस नई सड़क बनने से क्षेत्र में यातायात को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा और जाम की स्थिति को कम करने में मदद मिलेगी।