कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में यूथ रेड क्रॉस का एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित, युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के फैकल्टी लाउंज में यूथ रेड क्रॉस के तत्वावधान में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं यूथ रेड क्रॉस काउंसलर्स के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में किया गया। इस कार्यक्रम में रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक चिकित्सा, नशा मुक्ति व आपदा प्रबंधन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
- युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजीः प्रो. वीरेन्द्र पाल
- रड क्रॉस मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण मंचः अंकुश मिगलानी
- कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में यूथ रेड क्रॉस का ओरिएंटेशन कार्यक्रम
मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी हरियाणा स्टेट ब्रांच चंडीगढ़ के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके साथ ही महासचिव डॉ. सुनील कुमार विशेष अतिथि तथा स्टेट प्रोग्राम ऑफिसर रोहित शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। यूनिवर्सिटी हेल्थ सेंटर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष अनेजा ने अपनी मेडिकल टीम के साथ रिसोर्स पर्सन के रूप में स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के स्टेट सब-इंस्पेक्टर डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने नशा मुक्ति पर विशेष सत्र लिया।
युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (ले.) वीरेंद्र पाल ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वस्थ, संस्कारित और सेवा भाव से ओत-प्रोत युवा ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने यूथ रेड क्रॉस की गतिविधियों को युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण माध्यम बताया। कुलसचिव ने इस दौरान सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।
रेड क्रॉस मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण मंच
मुख्य अतिथि अंकुश मिगलानी ने अपने संबोधन में कहा कि रेड क्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि युवाओं को निस्वार्थ सेवा भाव से जोड़ना इसका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने सभी महाविद्यालयों में रक्तदान, प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण एवं नशा मुक्ति जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया। उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा की जा रही इन तमाम गतिविधियों की जमकर सराहना की।
यूथ रेड क्रॉस क्लब को सक्रिय बनाने पर जोर
यूथ रेड क्रॉस के निदेशक प्रो. डी.एस. राणा ने सभी प्राचार्यों एवं काउंसलर्स से आह्वान किया कि प्रत्येक महाविद्यालय में यूथ रेड क्रॉस क्लब को पूरी तरह सक्रिय बनाया जाए। उन्होंने नियमित रूप से रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण, नशा मुक्ति जागरूकता रैली एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। प्रो. डी.एस. राणा ने घोषणा की कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले महाविद्यालयों को वार्षिक समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक काउंसलर अपने महाविद्यालय में फर्स्ट-एड किट उपलब्ध रखे और विश्वविद्यालय तथा स्टेट हेडक्वार्टर के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखे।
गतिविधियों में आई तेजी और ग्रांट की जानकारी
विशेष अतिथि डॉ. सुनील कुमार ने विश्वविद्यालय के यूथ रेडक्रॉस की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रो. डी.एस. राणा के निदेशक बनने के बाद से रक्तदान, स्वास्थ्य जांच एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण जैसी विभिन्न गतिविधियों में काफी तेजी आई है। मुख्य वक्ता रोहित शर्मा ने बताया कि आवश्यकतानुसार महाविद्यालय विश्वविद्यालय अथवा हरियाणा स्टेट रेड क्रॉस से ग्रांट के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। गतिविधियों के सुचारू समन्वय और निगरानी के लिए प्राचार्यों एवं काउंसलर्स का एक संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप भी तैयार किया गया है।
स्वास्थ्य जांच और नशा मुक्ति के उपाय
डॉ. आशीष अनेजा ने स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवन शैली पर एक विस्तृत व्याख्यान दिया। उनकी मेडिकल टीम द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्राचार्यों एवं काउंसलर्स की ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच बिल्कुल निःशुल्क की गई। इसके अलावा डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने नशे के दुष्प्रभावों और नशा मुक्ति के उपायों पर पूरी जानकारी दी और जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार तथा रैलियां आयोजित करने की रूपरेखा सभी के साथ साझा की। इस अवसर पर खेल विभाग से कोच राजेश कुमार, कोच रमेश कुमार, योगेश कुमार, डॉ. संतोष कुमार समेत विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।