कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में उद्यमिता, स्मार्ट लाइब्रेरी और रोजगार से जुड़े कई कार्यक्रमों का आयोजन

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में उद्यमिता, स्मार्ट लाइब्रेरी और रोजगार से जुड़े कई कार्यक्रमों का आयोजन

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हाल ही में विभिन्न विभागों द्वारा विद्यार्थियों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इन कार्यक्रमों में उद्यमिता, स्मार्ट लाइब्रेरी, सामाजिक जागरूकता, सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी और कैंपस प्लेसमेंट से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई है। सभी कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में आयोजित किए गए हैं।

वाणिज्य विभाग में उद्यमिता बनाम नौकरी विषय पर कार्यक्रम

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा बी.कॉम. प्रोफेशनल के विद्यार्थियों के लिए उद्यमिता बनाम नौकरी विषय पर विद्यार्थी विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुणे इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, पुणे के सहयोग से आयोजित किया गया था। वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुभाष चंद ने अतिथियों एवं रिसोर्स पर्सन्स का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को कार्यक्रम का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक व्यावसायिक वातावरण में शैक्षणिक योग्यता के साथ व्यावहारिक एवं उद्योग-उन्मुख कौशल का विकास भी आवश्यक है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कार्यक्रम का सत्र प्रो. सीए तनीश मंगल ने लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यमिता एवं नौकरी को करियर विकल्प के रूप में समझाते हुए दोनों क्षेत्रों के अवसरों, चुनौतियों, जिम्मेदारियों और आवश्यक कौशलों की जानकारी दी। उन्होंने वित्तीय ज्ञान, विश्लेषणात्मक सोच, समस्या-समाधान, निर्णय लेने की क्षमता, प्रभावी संचार तथा निरंतर सीखने के महत्व पर बल दिया। पीआईबीएम, पुणे के रीजनल हेड अंकित कुमार तथा बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर अभिषेक पांडे ने भी विद्यार्थियों के साथ उद्योग जगत के अनुभव साझा किए। उन्होंने संचार कौशल, नेतृत्व, वित्तीय साक्षरता, टीमवर्क, अनुकूलनशीलता और व्यावसायिक अनुशासन जैसे कौशलों के विकास को आवश्यक बताया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए रिसोर्स पर्सन्स से संवाद किया और विभिन्न करियर विकल्पों से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।

स्मार्ट लाइब्रेरी के लिए आधुनिक तकनीकी दक्षताओं की समझ जरूरी

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग द्वारा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय एलुमनी एसोसिएशन के सहयोग से लाइब्रेरी ऑपरेशंसः स्मार्ट लाइब्रेरी के लिए प्रोफेशनल्स को तैयार करना विषय पर विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। व्याख्यान में एम. लिब. एंड इंफॉर्मेशन साइंस के प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों तथा पीएच.डी. शोधार्थियों ने भाग लिया। मुख्य वक्ता डॉ. अजय कुमार अरोड़ा, पूर्व विद्यार्थी एवं लाइब्रेरियन, एम.एन. कॉलेज, शाहाबाद मारकंडा ने कहा कि स्मार्ट लाइब्रेरी के लिए आधुनिक तकनीकी दक्षताओं की समझ जरूरी है। उन्होंने स्मार्ट लाइब्रेरी के बदलते स्वरूप, पुस्तकालय सेवाओं में उभरती तकनीकों की भूमिका तथा आधुनिक पुस्तकालयों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल एवं दक्षताओं पर प्रकाश डाला।

विभागाध्यक्ष प्रो. संजीव शर्मा ने अतिथि वक्ता का स्वागत करते हुए ऐसे अकादमिक एवं व्यावसायिक संवादों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विभाग और पूर्व विद्यार्थियों के बीच मजबूत अकादमिक एवं व्यावसायिक संबंधों को महत्वपूर्ण बताया तथा कुका के सहयोग की सराहना की। मंच संचालन शोधार्थी अमृता ने किया। इस अवसर पर सीनियर प्रो. मनोज के. जोशी एवं डॉ. अंजलि अग्रवाल भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने वक्ता से संवाद करते हुए स्मार्ट लाइब्रेरी से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

एनएसएस यूटीडी द्वारा सामाजिक जागरूकता रैली एवं पौधारोपण कार्यक्रम

यूटीडी की एनएसएस इकाई-1 एवं इकाई-2 द्वारा सेवा संकल्प अभियान - सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत सामाजिक जागरूकता रैली एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर ए. आर. चौधरी तथा डॉ. सतीश कुमार एवं डॉ. राज रतन के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. मुकेश कुमार, विभागाध्यक्ष, इलेक्ट्रॉनिक साइंस विभाग ने एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा आयोजित जागरूकता रैली की सराहना की। उन्होंने सामाजिक मुद्दों पर विद्यार्थियों के प्रयासों को सराहनीय बताते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

वहीं डॉ. वीरेंद्र सिंह ने पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया। रैली का नेतृत्व प्रियांशी एवं वंश ने किया। स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। कार्यक्रम में दीपक यादव, लक्ष्य एवं अंशु सहित अन्य एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

हरियाणा सिविल सेवा की तैयारी के लिए तीन दिवसीय मॉक इंटरव्यू

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के महात्मा गांधी अखिल भारतीय सेवा प्रशिक्षण संस्थान के निर्देशन में हरियाणा सिविल सेवा के लिए तीन दिवसीय मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस मॉक इंटरव्यू के प्रथम दिवस के दौरान डॉ. इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में दृष्टि आईएएस, नई दिल्ली से आमंत्रित धनंजय कुमार व केवल कृष्ण, आशीष कुमार, प्रो. सिद्धार्थ शंकर, डॉ. कुलदीप मेंहदीरत्ता, प्रो. दीपक राय बब्बर द्वारा विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे गए। साक्षात्कार के दौरान विद्यार्थियों के उत्तर देने की शैली, आत्मविश्वास, तार्किक सोच, निर्णय लेने की क्षमता तथा परिस्थितियों के अनुरूप प्रतिक्रिया देने की क्षमता का भी आकलन किया गया।

इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के संस्थान के निदेशक डॉ. धर्मबीर ने कहा कि महात्मा गांधी अखिल भारतीय सेवा प्रशिक्षण संस्थान विद्यार्थियों को सिविल सेवाओं एवं अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मॉक इंटरव्यू विद्यार्थियों को वास्तविक साक्षात्कार की परिस्थितियों का अनुभव प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में सलाहकार समिति से डॉ. परवेश, डॉ. संगीता धीर, भागवंती, रविन्द्र तलाव सहित नॉन टीचिंग स्टाफ एवं विश्वविद्यालय के शोधार्थियों का पूर्ण सहयोग रहा।

कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में सात विद्यार्थियों का चयन

इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट के सात विद्यार्थियों का इनकालम हास्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड में चयन हुआ। चयनित विद्यार्थियों में दीक्षा, सुरभि जांगड़ा, वैभव, अंशिका, अरशदीप, ज्योति शर्मा और मीनाक्षी शामिल हैं। विद्यार्थियों ने हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के विभिन्न पदों के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया में भाग लिया और सफलता प्राप्त की।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. मोहिंदर चंद ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और व्यावसायिक कौशल ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कैंपस प्लेसमेंट विद्यार्थियों को हॉस्पिटैलिटी उद्योग में अपने करियर की मजबूत शुरुआत करने का अवसर प्रदान करते हैं। विभाग के सभी शिक्षकों ने भी चयनित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

पर्यटन एवं आतिथ्य छात्रों को उद्योग के अनुकूल कौशल विकसित करने पर जोर

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन विभाग द्वारा विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर उद्योग-अकादमिक संवाद श्रृंखला के तहत ऑनलाइन व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता ताज सैट्स एयर कैटरिंग लिमिटेड के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी एवं विभाग के पूर्व छात्र डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों को उद्योग के अनुकूल कौशल विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने संचार कौशल, टीमवर्क, कृतज्ञता, सेवा-उन्मुख दृष्टिकोण तथा बदलती कार्यस्थल अपेक्षाओं के अनुरूप ढलने को महत्वपूर्ण बताया।

विभागाध्यक्ष प्रो. मोहिंदर चंद ने व्याख्यान श्रृंखला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। डॉ. दिनेश धनखड़ ने मुख्य वक्ता का परिचय कराया तथा डॉ. सुरजीत कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन समारोह में उत्कृष्ट शिक्षकों व मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय स्थित यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में भारत विकास परिषद की मैत्रेई शाखा द्वारा गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। शाखा अध्यक्ष डॉ. ममता सचदेवा के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट शिक्षकों एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रधानाचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षकों एवं तबला वादक को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों में छवि, चिराग, अनुशका, उर्वशी, कुमकुम, कनिष्का, हैदर अली, डैजी एवं वंश को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मान मिला।

प्रो. नीलम ढांडा ने विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन, राष्ट्र प्रेम एवं सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व से अवगत करवाया। प्रो. सुनीता दलाल ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के बहुमुखी विकास के साथ शिक्षकों को भी प्रेरणा प्रदान करते हैं। इस अवसर पर मैत्रेई शाखा की पदाधिकारी और स्कूल के सभी शिक्षक व गैर शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment