कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विकसित भारत-2047 राष्ट्रीय सेमिनार का समापन, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा रहे मौजूद

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विकसित भारत-2047 राष्ट्रीय सेमिनार का समापन, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा रहे मौजूद

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग द्वारा न्यू पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन सोसाइटी आफ इंडिया के सहयोग से विकसित भारत-2047: शासन के नए प्रतिमान नागरिकों का सशक्तिकरण और अंतिम छोर तक पहुंच विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार का समापन हुआ। इस राष्ट्रीय सेमिनार में भारतीय संस्कृति, शिक्षा सुधार और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर हरियाणा प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण के लिए भारतीय संस्कृति, संस्कार, शिक्षा, नवाचार, युवा कौशल और राष्ट्रहित को केंद्र में रखकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित करके, वंदे मातरम और केयू कुलगीत के साथ किया गया। इसके साथ ही अतिथियों द्वारा एक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। प्रारंभ में लोक प्रशासन विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए सेमिनार की रूपरेखा प्रस्तुत की। इससे पहले शिक्षा मंत्री द्वारा परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

एकात्म मानव दर्शन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि मैं नहीं, हम की भावना के साथ राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। भारत की संस्कृति धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो जैसे व्यापक संदेश देती है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में मनुष्य के साथ-साथ सभी जीवों और प्रकृति के प्रति संवेदना निहित है। विकास के साथ संस्कृति और संस्कारों का संरक्षण आवश्यक है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए बेहतर सड़क एवं रेलवे कनेक्टिविटी, कृषि विकास, शिक्षा में व्यापक सुधार, अनुसंधान, नवाचार और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा कौशल आधारित शिक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रारंभिक स्तर से पहचानकर उन्हें उचित मार्गदर्शन और मंच उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों के नवाचार और उद्यमिता के उदाहरण साझा करते हुए बताया कि कुछ छात्राओं ने उत्पाद निर्माण और डिजाइनिंग के माध्यम से व्यवसायिक गतिविधियां शुरू कीं। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें अवसर और सही दिशा देने की है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

युवाओं की भूमिका और अंत्योदय की भावना

राजनीतिक सोच और युवाओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि देश की प्रगति के लिए दीर्घकालिक दृष्टि और परिपक्व राजनीतिक चिंतन जरूरी है। युवाओं को राजनीति और नीति निर्माण को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने पीढ़ियों के बीच बढ़ते अंतर और पारिवारिक संबंधों में आती दूरी पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने युवाओं से बुजुर्गों के अनुभव और ज्ञान से सीखने तथा परिवार में प्रेम, संवाद और संस्कारों को बनाए रखने का आह्वान किया। महिपाल ढांडा ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी सार्थक होगा, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे और उसे भोजन, वस्त्र, आवास तथा सम्मानजनक जीवन उपलब्ध हो। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि सुशासन में हो रहे बदलावों, नए आयामों और जनसशक्तीकरण के माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही अंत्योदय की मूल भावना है। कुलगुरु ने कहा कि 25 सितंबर का दिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के कारण विशेष महत्व रखता है।

पर्यावरण संरक्षण और विभिन्न विभागों के कार्यक्रम

राष्ट्रीय सेमिनार के समापन अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। इसके अलावा, कुवि कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने आईआईएचएस के बायोकेमिस्ट्री विभाग के अंतर्गत संचालित मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी विभाग का औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित स्वास्थ्य शिक्षा वर्तमान समय की मांग है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हरियाणवी लोकगीतों पर तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा। केयू एनएसएस स्वयंसेवकों ने प्रेरणा वृद्धाश्रम का भ्रमण किया और वृद्धजनों के जीवन के अनुभवों को समझा। यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया, जिसमें छात्रों ने राष्ट्रगीत का महत्व जाना।

रोजगार और कौशल विकास के नए आयाम

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट के 4 विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित बर्गर किंग कम्पनी में चयन हुआ है। इन्स्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, ज्योतिसर में आयोजित कैंपस ड्राइव में आदित्य, मनीषा, नितिन और वैभव गौतम का चयन हुआ है। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर केयू इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज द्वारा अतिथि व्याख्यान 2026 का आयोजित किया गया। संस्थान के पूर्व निदेशक प्रो. ओम प्रकाश ने कहा कि फार्मासिस्ट की स्वस्थ भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है। कुवि के महात्मा गांधी अखिल भारतीय सेवा कोचिंग संस्थान द्वारा हरियाणा के सिविल सेवा अभ्यर्थियों के लिए एक दिवसीय ऑनलाइन साक्षात्कार मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। यूआईईटी संस्थान में माई युवा भारत कुरुक्षेत्र, यूआईईटी तथा स्वदेशी जागरण मंच द्वारा कविता, भाषण व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही आईआईएचएस एनएसएस कार्यक्रम में वर्ष 2025-2026 के लिए कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को विश्वविद्यालय स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

Share:

Comments

Leave a comment