कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इन कार्यक्रमों में इंडो-पैसिफिक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का पोस्टर विमोचन, एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम और हरियाणवी लोक संगीत पर तीन दिवसीय कार्यशाला शामिल हैं। इन आयोजनों में देश-विदेश के विशेषज्ञों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में इंडो-पैसिफिक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि हरियाणा के मध्य में स्थित कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का समुद्र, समुद्री सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक जैसे विषयों पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करना यह दर्शाता है कि भौगोलिक दूरी बौद्धिक दूरी नहीं होती। अर्थशास्त्र, सामाजिक विज्ञान, पर्यावरण, भू-विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ समुद्री एवं क्षेत्रीय नीतियों में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। वे मंगलवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
केन्द्र के निदेशक प्रो. वी. एन. अत्री, निदेशक, आईसीआईपीएस ने ब्लू इकोनॉमी के सतत विकास और वैश्विक स्तर पर सहयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। प्रो. अत्री ने सम्मेलन के सफल आयोजन पर सभी आयोजकों, सम्मेलन संयोजकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि सम्मेलन के दौरान चर्चा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से आगे बढ़कर भारत, हिंद महासागर, आईओआरए, बिम्स्टेक, एसियन, आईपीओई बंगाल की खाड़ी, इंडो-पैसिफिक तथा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तक पहुंची। उन्होंने कहा कि इन विभिन्न मंचों का उद्देश्य और दृष्टिकोण अलग हो सकता है, लेकिन इनके बीच सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। आवश्यकता किसी एक व्यवस्था को दूसरे का विकल्प बनाने की नहीं, बल्कि उन्हें एक-दूसरे का पूरक बनाने की है।
समापन संबोधन में प्रो. वीरेंद्र पाल ने सभी प्रतिभागियों से पांच प्रमुख संकल्पों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया संवाद से सहयोग, सहयोग से क्रियान्वयन, सुरक्षा से व्यापक मानव सुरक्षा, आर्थिक विकास से सतत समृद्धि तथा अलग-अलग संस्थानों से जुड़े हुए ज्ञान नेटवर्क की ओर बढ़ना। सुबह के सत्र में प्रो. चार्ल्स कोलगन, शोध निदेशक, सेंटर फॉर द ब्लू इकोनॉमी, अमेरिका ने कहा कि ब्लू इकोनॉमी पर चर्चा पिछले करीब 15 वर्षों से लगातार हो रही है और हिंद महासागर क्षेत्र के लगभग सभी देशों में इससे जुड़ी गतिविधियां चल रही हैं। यह तेजी से विकसित होने वाला वैश्विक विषय है और देशों की परस्पर निर्भरता के कारण इसे केवल अलग-अलग समुद्री क्षेत्रों के बजाय एक साझा वैश्विक महासागर अर्थव्यवस्था के रूप में देखने की आवश्यकता है।
डॉ. बद्री नारायणन, संस्थापक एवं निदेशक, इनफिनिट सम मॉडलिंग एलएलसी, अमेरिका ने अपने विस्तृत प्रस्तुतीकरण में ब्लू इकोनॉमी के स्थानीय और क्षेत्रीय आयामों, विशेष रूप से महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में जल संकट और उससे निपटने के लिए समुदाय द्वारा विकसित नवाचारों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अब तक ब्लू इकोनॉमी पर होने वाली चर्चाओं में समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र, हिंद महासागर और हिंद-प्रशांत क्षेत्र जैसे व्यापक एवं अंतरराष्ट्रीय विषयों पर अधिक ध्यान दिया गया है। इसके विपरीत, उनके अध्ययन का केंद्र स्थानीय स्तर पर जल संसाधनों के प्रबंधन और ग्रामीण समुदायों द्वारा विकसित समाधानों को बनाया गया।
प्रो. जॉन विर्डिन, निदेशक, ओशन पॉलिसी प्रोग्राम, ड्यूक विश्वविद्यालय, अमेरिका ने कहा कि समुद्र में औद्योगिक गतिविधियों का यह विस्तार जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के साथ मिलकर समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र पर अतिरिक्त दबाव डाल रहा है। महासागर मानव गतिविधियों से उत्पन्न अतिरिक्त ऊष्मा का लगभग 90 प्रतिशत और अतिरिक्त कार्बन का 25 से 30 प्रतिशत से अधिक अवशोषित कर रहा है, जिससे समुद्री रसायन विज्ञान और समुद्री जीवन प्रभावित हो रहे हैं। डॉ. क्रिस्टीन एम. ग्रिम्सरुड, वरिष्ठ शोधकर्ता, स्टैटिस्टिक्स नॉर्वे ने नॉर्वे में चल रहे मेरिन इकोसिस्टम अकांउटिंग पायलट प्रोजेक्ट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नॉर्वे समुद्री संसाधनों के आर्थिक उपयोग और पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के बीच संतुलन के लिए वैज्ञानिक एवं आंकड़ा-आधारित व्यवस्था विकसित कर रहा है।
प्रो. ऐन-फ्रांस्वाज़ ज़त्तारा, यूनिवर्सिटी ऑफ ला रीयूनियन, फ्रांस ने कहा कि समुद्री कानून में समय के साथ संसाधनों के स्वामित्व और उपयोग की अवधारणाओं में बदलाव आया है। अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण कानून के विकास के साथ गैर-सरकारी संगठनों, वैज्ञानिक समुदाय, निजी क्षेत्र, स्वदेशी लोगों और स्थानीय समुदायों की भूमिका बढ़ी है। उन्होंने बीबीएनजे ट्रिटी को समुद्र के शासन में इस बदलाव का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। प्रो. एस. के. मोहंती, नालंदा विश्वविद्यालय ने कहा कि ब्लू इकोनॉमी केवल समुद्री परिवहन और मत्स्य क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि कृषि, पर्यटन, विनिर्माण, सेवाओं सहित अनेक आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी है। उन्होंने इसे बहुविषयक अवधारणा बताते हुए कहा कि पर्यावरण, जैव विविधता, विज्ञान और अर्थशास्त्र को साथ लेकर इसके विकास को समझना होगा।
समापन सत्र में प्रो. रोनान लॉन्ग ने अपने व्याख्यान में बीबीएनजे एग्रीमेंट तथा जलवायु परिवर्तन से संबंधित अंतरराष्ट्रीय न्यायिक संस्थाओं की सलाहकारी राय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान त्रिगुणित वैश्विक संकट जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता ह्रास और प्रदूषण प्रभाव विकासशील देशों पर अधिक गंभीर है। प्रो. इमादुल इस्लाम, वरिष्ठ शोध फेलो, ओपीआरआई-एसपीएफ, जापान ने समुद्री क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और शोध की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय साझेदारी को ब्लू इकोनॉमी के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
प्रो. नीरा वर्मा, पूर्व डीन अकादमिक अफेयर्स, गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने कहा कि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह को केवल एक अलग-थलग द्वीप या संसाधन क्षेत्र के रूप में नहीं, बल्कि हिंद-प्रशांत के केंद्र में स्थित रणनीतिक क्षेत्र के रूप में देखने की आवश्यकता है। प्रो. भगवान सिंह चौधरी, भूभौतिकी विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव केवल मीठे जल संसाधनों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर मानव स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि हैदराबाद स्थित पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के केंद्र में सैटेलाइट आधारित अवलोकनों के माध्यम से समय के साथ होने वाले पर्यावरणीय परिवर्तनों का अध्ययन किया जा रहा है।
प्रो. अशोक चौहान ने शोध एवं ज्ञान-निर्माण की उपलब्धियां साझा कीं। डॉ. किरण लांबा ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ. नोमवुयो एन. नोक्वे, पूर्व महासचिव, हिंद महासागर रिम संघ, यूएसए से प्रो. कृष सीता, मारीशस से डॉ. पूजा, प्रो. अनिल मित्तल, प्रो. अशोक चौहान, प्रो. तेजेन्द्र शर्मा, प्रो. विवेक चावला, डॉ. हेमलता, डॉ. किरण लाम्बा, डॉ. सुरजीत, डॉ. प्रिया शर्मा, डॉ. निधि बगरिया, डॉ. इशू गर्ग, डॉ. पलक बजाज, सहित शिक्षक, शोधार्थी व विद्यार्थी मौजूद रहे।
कुलगुरु ने किया श्री गुरु गोबिंद सिंह जी पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के पोस्टर का विमोचन
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में गुरु गोबिंद सिंह चेयर द्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी व्यक्तित्व, बाणी एवं विरासत विषय पर आयोजित होने वाली दो दिवसीय बहुविषयक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के पोस्टर का विमोचन कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने किया। यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 22 एवं 23 अक्टूबर, 2026 को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन, दर्शन, बाणी और मानवीय मूल्यों की परंपरा आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को गुरु साहिब के जीवन-दर्शन एवं समृद्ध विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया जाता है। उन्होंने संगोष्ठी के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है। संगोष्ठी के संयोजक डॉ. धर्मवीर ने बताया कि आयोजन के दौरान गुरु साहिब के जीवन एवं दर्शन के विभिन्न अनछुए पहलुओं पर विद्वानों द्वारा शोधपरक चर्चा की जाएगी।
संगोष्ठी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के गुरगद्दी दिवस की 318 वीं वर्षगांठ तथा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के ज्योति जोत दिवस को समर्पित है। संगोष्ठी में देश-विदेश के विद्वान, शोधार्थी एवं शिक्षाविद् श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के व्यक्तित्व, बाणी, दर्शन, साहित्य, सामाजिक एवं मानवीय चिंतन तथा विरासत के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे। इस अवसर पर सह-संयोजक डॉ. हरविंदर सिंह लोंगोवाल, आयोजन सचिव डॉ. गुरप्रीत सिंह साहूवाला, समन्वयक डॉ. कुलदीप कुमार, सह-समन्वयक डॉ. दविंदर बिबीपुरिया एवं डॉ. प्रवेश कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
आईआईएचएस में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज (आईआईएचएस) में युवा रेड क्रॉस (वाईआरसी) एवं रेड रिबन क्लब (आरआरसी) का अभिमुखीकरण तथा एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्राचार्या प्रो. रीटा ने कहा कि युवाओं में सामाजिक सरोकार एवं सेवा भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों के प्रति स्वयं जागरूक होने तथा समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रो. निरुपमा भट्टी ने वाईआरसी के उद्देश्यों एवं इसके ध्येय वाक्य स्वास्थ्य, सेवा और मैत्री से अवगत कराया। एलएनजेपी अस्पताल, कुरुक्षेत्र के आईसीटीसी प्रकोष्ठ से आए परामर्शदाताओं ध्यान सिंह, बलविंदर चौधरी एवं निशा ने विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स के संक्रमण, बचाव, रोकथाम, जांच तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों के संबंध में जानकारी दी। डॉ. मनीष गोयल एवं डॉ. तनु शर्मा ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के पश्चात वाईआरसी एवं आरआरसी स्वयंसेवकों ने गांव दयालपुर में घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया तथा ग्रामीणों को एचआईवी/एड्स से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री वितरित की।
कुवि में 'हरियाणवी लोक संगीत' पर तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में संगीत एवं नृत्य विभाग में हरियाणवी लोक संगीत विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन संगीत एवं नृत्य विभाग, भारत रत्न श्री गुलजारी लाल नंदा नीतिशास्त्र-दर्शनशास्त्र केंद्र तथा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यशाला के प्रथम दिवस शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए.आर. चौधरी ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं लोक संस्कृति के संरक्षण तथा युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण हैं। संस्कार भारती, कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष डॉ. आशीष सबरवाल ने भी सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया। प्रसिद्ध संगीत साधक पंडित कैलाश वर्मा ने विषय विशेषज्ञ के रूप में हरियाणवी लोकगीतों की पारंपरिक शैलियों, सुर-ताल और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी तथा प्रतिभागियों को संस्कार गीतों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
सारंगी पर अमन, नक्कारे पर रिंकू, ढोलक पर एम.पी.ए. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी समीर तथा बांसुरी पर एम.पी.ए. अंतिम वर्ष के विद्यार्थी माधवा भाटिया ने संगति प्रदान की। 'मांगे ननद रानी कंगना होलर के हुए का...' तथा 'बन्ना तेरे दादा की ऊंची दुकान...' जैसे लोकगीतों ने वातावरण को हरियाणवी लोक रंग से सराबोर कर दिया। विद्यार्थियों ने 'आधी गंगा में जौ बोई...', 'चांदनी सी रात चटक रहे तारे...' तथा नवरात्रि के सांझी उत्सव के गीत 'म्हारी सांझी के औरे धौरे फूल रही सिरयाये...' का अभ्यास किया।
कार्यशाला में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के साथ हरियाणवी कला-संस्कृति के प्रेमियों तथा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय सीनियर मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पुरुषोत्तम ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गुरनाम सैनी, विशिष्ट अतिथि प्रो. अनिल मित्तल, विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार शर्मा, डॉ. हरविंदर सिंह, प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस सौरभ चौधरी, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य अलकेश मौदगिल तथा भारत रत्न श्री गुलजारी लाल नंदा नीतिशास्त्र-दर्शनशास्त्र केंद्र की निदेशक प्रो. शुचिस्मिता, डॉ. आरती श्योकंद, डॉ. दीपक, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. अरूप चटर्जी, डॉ. पूजा चौधरी, संजना रानी, डॉ. सीमा जौहरी, डॉ. अमरजीत सिंह, डॉ. ज्ञान सागर सिंह, डॉ. तरुण जोशी, डॉ. सोमपाल मलहा, डॉ. सुधा मेहला, श्री सतीश शर्मा, डॉ. नितिन शर्मा, सुरेंद्र कुमार, अरविंद भट्ट सहित शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, शोधार्थी एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे।