हरियाणा की खेल नीति से खिलाड़ियों को मिल रहा विशेष प्रोत्साहन: कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

नरेंद्र जेठी/नरवाना /04अक्टूबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि देश व प्रदेश की खेल नीति से खिलाड़ियों को विशेष प्रोत्साहन मिल रहा है। नतीजन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों का हमेशा दबदबा रहा है और उन्होंने अपने जौहर की बदौलत देश का मान बढ़ाया है। ओलंपिक, एशियाड और कॉमनवेल्थ जैसी सभी खेल प्रतियोगिताओं में भारत के खिलाड़ियों की विजय पताका हमेशा फहराती रही है। इसमें हरियाणा के होनहार खिलाड़ियों का विशेष स्थान रहा है।
नरवाना में चौथी राज्य स्तरीय सब जूनियर वुसु प्रतियोगिता का आयोजन
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी रविवार को नरवाना के पैरामाउंट इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित चौथी राज्य स्तरीय सब जूनियर वुसु प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। यह प्रतियोगिता वुसु स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में हरियाणा भर से आए जूनियर आयु वर्ग के सैकड़ो खिलाड़ियों ने भाग लिया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हरियाणा देश में आबादी के हिसाब से केवल दो प्रतिशत हिस्सा रखता है जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर लाने वाले देश भर के कुल विजेता खिलाड़ियों की संख्या में रिकॉर्ड 28% की भूमिका निभाता है। हरियाणा के खिलाड़ियों का यह शानदार प्रदर्शन पूरे प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है और यहां के खिलाड़ियों की नई पौध के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
खिलाड़ियों को मिल रहा है करोड़ों का इनाम और सरकारी नौकरी
हरियाणा में विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक पाने वाले खिलाड़ियों को जहां करोड़ों रुपए प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाते हैं, वहीं खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में भी तीन प्रतिशत आरक्षण भी दिया जाता है। सरकार की यह खेल नीति आने वाले युवा खिलाड़ियों में उत्साहवर्धन का रामबाण सिद्ध हो रही है।
कार्यक्रम में गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर डॉक्टर कृष्ण नैन, डॉक्टर प्रदीप नैन, देवा सिंह नैन, आदित्य धीमान, चेयरमैन मार्किट कमेटी अमित ढाकल, मंडल अध्यक्ष सत्यवान शर्मा, सुरेंद्र प्रजापति, दिनेश गोयल, जसवंत लोन, हंसराज समैन, ईश्वर गोयल, सरपंच बेलरखा फिरती सिंह, बैसाखी राम सैनी, विशाल मिर्धा, कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक मनोज कुमार, मीडिया प्रभारी संजय बल्हारा, जसवीर नैन सहित सैकड़ो युवा खिलाड़ी व खेल प्रेमी मौजूद रहे।