रेवाड़ी के कोसली में निजी विद्यालय संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक, फीस और बस पासिंग को लेकर सरकार से की मांग

रेवाड़ी के कोसली में निजी विद्यालय संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक, फीस और बस पासिंग को लेकर सरकार से की मांग

रेवाड़ी के खंड कोसली में निजी विद्यालय संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक आज दोपहर बाद पाथफाइंडर ग्लोबल स्कूल, मलेशियावास रोड, कोसली में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संदीप यादव द्वारा की गई। इस बैठक में क्षेत्र के निजी विद्यालयों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बच्चों की सुरक्षा और फीस बकाया पर मंथन

मुख्य रूप से स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सभी पहलुओं पर गहन मंथन किया गया। सभी स्कूल संचालकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सचेत रहने की प्रतिबद्धता को दोहराया। इसी क्रम में बैठक के दौरान अभिभावकों द्वारा बच्चों की फीस जमा करने में की जा रही अनदेखी पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। संचालकों ने अभिभावਕ वर्ग से आग्रह किया कि जिस प्रकार वे अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर सचेत हैं, उसी प्रकार फीस जमा करने में भी अपनी जिम्मेदारी का पूरा भाव रखें।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

तीन महीने से अधिक बकाया फीस पर कड़ा फैसला

बैठक में सभी की सहमति से एक बड़ा निर्णय लिया गया। जिन विद्यार्थियों की फीस 3 महीने या उससे अधिक समय से बकाया है, शिक्षा विभाग के नियमानुसार ऐसे विद्यार्थियों का नाम स्कूल रिकॉर्ड से काट दिया जाएगा। साथ ही यह भी कड़ा निर्णय लिया गया कि यदि कोई विद्यालय बिना एस.एल.सी. के ऐसे किसी बच्चे को अपने विद्यालय में प्रवेश देता है, तो खंड स्कूल संगठन उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।

परिवहन विभाग के आदेश पर रोष और प्रदर्शन की चेतावनी

बैठक में परिवहन विभाग, हरियाणा द्वारा हाल ही में जारी किए गए आदेश पर कड़ा रोष व्यक्त किया गया। इस आदेश के तहत सभी स्कूल बसों की पासिंग और फिटनेस के लिए गुड़गांव जिले के राठीवास गांव स्थित पास्को मोटर्स (TATA Motors) में जाना अनिवार्य किया गया है। संचालकों ने कहा कि इस नियम से स्कूलों में बच्चों की छुट्टी करनी पड़ेगी और अलग-अलग दिनों में बसों को गुड़गांव ले जाने से भारी अव्यवस्था फैलेगी। इससे अनावश्यक प्रदूषण होगा और वाहनों में ईंधन की खपत भी अधिक बढ़ेगी। सभी स्कूल संचालकों ने परिवहन विभाग के इस आदेश की घोर निंदा की है। उन्होंने हरियाणा सरकार से मांग की है कि इस आदेश को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए तथा जिला या उपमंडल स्तर पर ही स्कूल बसों की पासिंग की उचित व्यवस्था की जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी यह मांग नहीं मानी गई, तो निजी स्कूल संचालक बड़ा जन-आंदोलन करने के लिए पूरी तरह मजबूर होंगे।

आज की इस आवश्यक मीटिंग में कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। बैठक में सुरेंद्र सिवाच, बाबूलाल यादव, अजय कुमार, धर्मवीर शर्मा, राजेंद्र सिंह, बलवान सिंह, विनोद कुमार, सुनील यादव, अजय यादव, शीतल यादव, अजीत सिंह, सुनील कुमार, सुरेंद्र कुमार व अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment