केशव इलेवन ने 59 रन से जीता वार्ष्णेय प्रीमियर लीग का मुकाबला, मनीष अज़गर बने प्लेयर ऑफ द मैच

केशव इलेवन ने 59 रन से जीता वार्ष्णेय प्रीमियर लीग का मुकाबला, मनीष अज़गर बने प्लेयर ऑफ द मैच

वार्ष्णेय युवा संगठन महानगर अलीगढ़ (रजिस्टर्ड) द्वारा आयोजित वार्ष्णेय प्रीमियर लीग VPL 3 क्रिकेट लीग का नौवा लीग मैच केशव इलेवन टीम ने 59 रन से जीत लिया है। इस मैच में मनीष अज़गर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया और लव वार्ष्णेय आधुनिक बेस्ट बॉलर रहे।

  • वार्ष्णेय प्रीमियर लीग VPL 3 क्रिकेट लीग का आयोजन धर्म समाज महाविद्यालय क्रीडा स्थल, जी टी रोड, अलीगढ़ पर चल रहा है।
  • नौवा मैच 30 सितम्बर 2026 दिन बुधवार को केशव इलेविन टीम एवं भक्ति स्टील टाइटैंस टीम के मध्य हुआ।
  • केशव इलेविन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह मुकाबला 59 रन से अपने नाम किया और सेमी फाइनल का टिकट हासिल किया।

टॉस और पहली पारी का रोमांच

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

भक्ति स्टील टाइटैंस क्रिकेट टीम के कप्तान गौरांग वार्ष्णेय स्टील ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया जो मैदान पर गलत साबित हुआ। केशव इलेविन क्रिकेट टीम ने पहले खेलते हुए 1 विकेट के नुकसान पर 182 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। केशव इलेविन की उम्दा बैटिंग खेल के पहले ही ओवर से ही बहुत अच्छी तरह से दिखनी शुरू हो गई थी।

केशव इलेविन के युवा बल्लेबाज लव वार्ष्णेय आधुनिक ने पिछले मैच में भी शानदार बैटिंग की थी और क्रीज पर आते ही विपक्षी गेंदबाज ऋषभ रेशु की गेंदों पर टूट पड़े। लव वार्ष्णेय आधुनिक ने अपनी छोटी सी पारी में 5 गेंद खेलकर 1 चौका और एक छक्का की मदद से 11 रन बनाए और तेजी से रन बनाने की जिद में बाउंड्री पर लपके गए।

कप्तान मनीष अज़गर की रिकॉर्ड तोड़ पारी

उसके बाद मैदान पर उतरे केशव इलेविन के कप्तान मनीष अज़गर ने विपक्षी टीम को पूरी तरह से दबाव में ला दिया। उन्होंने अपनी टीम के युवा बल्लेबाज शुभम कृष्ण के साथ मिलकर, जिन्होंने 26 गेंद में 37 रन बनाए, अपनी टीम को 1 विकेट के नुकसान पर 182 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

मनीष अज़गर ने 44 गेंदों में 10 चौकों और 9 छक्कों की मदद से कुल 116 रन बना डाले। मनीष अज़गर की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने 182 रन का स्कोर खड़ा किया जो इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर भी है। उनकी इस यादगार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से सम्मानित किया गया। साथ ही संगठन के चेयरमैन नितिन घुट्टी की ओर से मनीष अज़गर को 1100 रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया गया।

भक्ति स्टील टाइटैंस की पारी और गेंदबाजी का पतन

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भक्ति स्टील टाइटैंस क्रिकेट टीम के ओपनर दिवाकर सिलसन को युवा ऑलराउंडर गेंदबाज लव वार्ष्णेय आधुनिक ने पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इतना ही नहीं, इस युवा गेंदबाज लव वार्ष्णेय आधुनिक ने अपनी टीम और अपने पहले ओवर में ही विपक्षी कप्तान गौरांग वार्ष्णेय स्टील को भी शून्य के स्कोर पर आउट कर दिया और भक्ति स्टील टाइटैंस टीम की पूरी कमर तोड़ दी।

इस प्रकार लव वार्ष्णेय आधुनिक ने अपनी टीम केशव इलेविन की जीत में बहुत अहम भूमिका निभाई। भक्ति स्टील टाइटैंस टीम की ओर से मोहित 54 ने 24 गेंदों में 8 चौकों की सहायता से 40 रन बनाए और ऋषभ रेशु ने 21 गेंद में 31 रन बनाकर ही कुछ संघर्ष करते नजर आए। उनकी पूरी टीम 12 ओवर में बमुश्किल 123 रन ही बना पाई और 59 रन से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। जबकि इस शानदार मैच को जीतकर केशव इलेविन टीम को सेमी फाइनल का टिकट मिल गया है।

संगठन के उद्देश्य और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

वार्ष्णेय युवा संगठन महानगर अलीगढ़ (रजिस्टर्ड) के संस्थापक अध्यक्ष विष्णु भैया और सलाहकार भुवनेश वार्ष्णेय आधुनिक ने बताया कि हमारा संगठन समाज सेवा में हमेशा अग्रणी भूमिका में रहा है और साथ ही साथ हमारे संगठन के सभी परिवार क्रिकेट के साथ मनोरंजन की भावना देखते हुए यह क्रिकेट लीग प्रारंभ हुई है। VPL 3 के इस मैच में वार्ष्णेय युवा संगठन महानगर अलीगढ़ रजिस्टर्ड के चेयरमैन नितिन घुट्टी, संस्थापक अध्यक्ष विष्णु भैया, सलाहकार भुवनेश वार्ष्णेय आधुनिक, एडवोकेट आकाशदीप वार्ष्णेय, अध्यक्ष धनंजय वार्ष्णेय भैय्यन ज्वेलर्स, महामंत्री रोहित पीतल, कोषाध्यक्ष गौरांग वार्ष्णेय (स्टील), अमित कोल द्वारा उपस्थित अतिथियों का स्वागत पटका पहनाकर किया गया।

इस अवसर पर मंचसीन अतिथियों में ज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य योगेश कुमार गुप्ता, संजीव वैभव, विशाल चंद्रा, मुकेश वार्ष्णेय, संजीव वार्ष्णेय आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजकों में सुमित एडमिन, अनुराग गुप्ता कार स्कैन, अमित कोल, आशु गैस, आकाश भैयाजी, अंकुर सिलसन, अंकुश राजाजी, लव कुमार, प्रतिक किराना, अर्जुन एच एस आदि उपस्थित रहे। इस VPL 3 क्रिकेट लीग का अगला मैच 1 अक्टूबर 2026 दिन गुरुवार को स्थानीय धर्म समाज महाविद्यालय के क्रीड़ा स्थल पर सिलसन धुरंधर क्रिकेट टीम एवं वार्ष्णेय एन के सुपर किंग्स क्रिकेट टीम के मध्य खेला जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment