गेमचेंजर गैंगस्टर काला जठेड़ी पैरोल पर पहुंचा सोनीपत अपने पैतृक गांव, कोर्ट ने दी थी 7 घंटे की कस्टडी

दिल्ली की सेंट्रल जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी रविवार को भारी सुरक्षा के बीच अपने पैतृक गांव जठेड़ी पहुंचा। द्वारका कोर्ट ने उसे आईवीएफ के जरिए जुड़वां बेटियों के जन्म के बाद धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने के लिए सात घंटे की कस्टडी पैरोल मंजूर की थी। अदालत के इस आदेश के बाद कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच उसे दिल्ली से हरियाणा लाया गया था।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक घर पर रहा गैंगस्टर
कोर्ट के आदेश के अनुसार गैंगस्टर काला जठेड़ी ने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच अपने घर का दौरा किया। इस दौरान वह पूरी तरह से पुलिस कस्टडी में मौजूद था। आरोपी से जुड़े खतरे की आशंका को ध्यान में रखते हुए अदालत ने दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस दोनों को ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।
अडिशनल सेशन जज ने 16 सितंबर को दी थी अनुमति
अडिशनल सेशन जज सिद्धार्थ मलिक ने 16 सितंबर को सोनीपत के जठेड़ी गांव में अपने परिवार से मिलने के लिए कस्टडी पैरोल की अर्जी को स्वीकार किया था। अदालत ने अपने आदेश में कहा था कि आवेदक संदीप उर्फ काला की कस्टडी पैरोल की अर्जी मंजूर की जाती है। अदालत ने यह भी निर्देश दिया था कि कस्टडी पैरोल से जुड़ा सारा खर्च आरोपी द्वारा ही उठाया जाएगा और नियमों के अनुसार संबंधित जेल अधीक्षक के पास जमा कराना होगा।
पुलिस अधिकारियों को दिए गए थे सुरक्षा के कड़े निर्देश
डीसीपी थर्ड बटालियन दिल्ली पुलिस, थाना प्रभारी बीएचडी नगर और थाना प्रभारी राई सोनीपत हरियाणा को सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश मिले थे। अदालत ने कहा था कि आरोपी से जुड़े खतरे को देखते हुए ये सभी अधिकारी कस्टडी पैरोल को सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम करेंगे। कस्टडी पैरोल की इस अवधि के दौरान जठेड़ी ने अपनी जुड़वां बेटियों के जन्म के बाद होने वाले पारिवारिक और धार्मिक संस्कारों में हिस्सा लिया।
कई आपराधिक मामलों में आरोपी है संदीप उर्फ काला
परिवार के इन रीति-रिवाजों और अनुष्ठानों में उसकी उपस्थिति के लिए अदालत में एक औपचारिक आवेदन दाखिल किया गया था। अदालत के इस फैसले के बाद पुलिस टीमों ने सेंट्रल जेल दिल्ली से उसके गांव तक और फिर तय अवधि पूरी होने के बाद वापस जेल तक लाने के लिए पुख्ता मूवमेंट अरेंजमेंट किए थे। आपको बता दें कि संदीप उर्फ काला जठेड़ी कई आपराधिक मामलों में आरोपी है और फिलहाल दिल्ली की सेंट्रल जेल में बंद है।