कैथल में अवैध जुगाड़ रेहड़ियों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, 7 रेहड़ी इंपाउंड और चालान

कैथल में सड़कों पर हादसों का कारण बन रही अवैध जुगाड़ रेहड़ियों के खिलाफ कैथल ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार की अगुवाई में जिला ट्रैफिक पुलिस ने करनाल रोड चौक कैथल, कलायत व चीका में विशेष अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले जुगाड़ वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
जुगाड़ रेहड़ियों पर खतरनाक तरीके से लदे थे लोहे के पाइप
पुलिस टीम ने अभियान के दौरान कुल 6 जुगाड़ रेहड़ियों को इंपाउंड किया। इन रेहड़ियों पर करीब 20 फीट लंबी लोहे की पाइपें और एंगल खतरनाक तरीके से बाहर निकले हुए लोड किए गए थे। इसके अलावा पुलिस टीम द्वारा एक अन्य जुगाड़ रेहड़ी का चालान किया गया। पुलिस ने मौके पर ही उस रेहड़ी में लदा सामान नीचे उतरवाया और सामान के मालिक को भी इसकी सूचना दी।
ट्रैफिक एसएचओ ने दी चेतावनी
ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि जुगाड़ रेहड़ियों पर इस प्रकार बाहर निकली हुई लोहे की पाइपें और एंगल सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों तथा राहगीरों के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि इनसे सड़क पर हादसा होने की संभावना हमेशा बनी रहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों से खिलवाड़ करने तथा आमजन की जान को खतरे में डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।