कैथल के तितरम गांव में नशा तस्कर के अवैध मकान पर चला बुलडोजर, आरोपी पर दर्ज हैं 8 मामले

कैथल के तितरम गांव में नशा तस्कर के अवैध मकान पर चला बुलडोजर, आरोपी पर दर्ज हैं 8 मामले

हरियाणा सरकार द्वारा अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कैथल जिला प्रशासन और थाना तितरम पुलिस ने वीरवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। गांव तितरम में एक नशा तस्कर द्वारा अवैध रूप से बनाए गए मकान को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

नशा तस्कर अनिल पर दर्ज हैं 8 आपराधिक मामले

डीएसपी रोहताश ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार کے निर्देशानुसार अपराध और नशा तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा गांव तितरम में अवैध रूप से निर्मित एक नशा तस्कर के मकान को पहले ही चिन्हित किया गया था। तितरम निवासी आरोपी अनिल के विरुद्ध जिला कैथल में नशा तस्करी से संबंधित करीब 8 मामले दर्ज हैं। अनिल को पहले नियमानुसार नोटिस जारी करके अवैध निर्माण को हटाने के निर्देश दिए गए थे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई

निर्धारित समयावधि के भीतर कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण जिला प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से इस अवैध निर्माण को ध्वस्त किया है। प्रशासनिक जांच के दौरान यह पाया गया था कि इस मकान का निर्माण किसी भी प्रकार की वैध अनुमति के बिना किया गया था। यह पूरी कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं ईओ नगर परिषद कैथल संदीप सोलंकी की निगरानी में संपन्न कराई गई है। मौके पर थाना तितरम प्रभारी इंस्पेक्टर वेदपाल सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

पुलिस प्रशासन की आमजन से अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

डीएसपी ने आगे कहा कि जिला पुलिस और प्रशासन भविष्य में भी अपराध और अवैध नशे के कारोबार में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रखेंगे। किसी भी अपराधी को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा तथा समाज में अपराध और नशे के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जिला पुलिस ने आमजन से यह अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध नशे के कारोबार या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो वे तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment