कैथल में मंदिर की प्राचीन छड़ियों से चांदी चोरी करने के मामले में महंत और सुनार गिरफ्तार,

कैथल जिले से आज की बड़ी खबरें सामने आ रही हैं। सीआईए कलायत पुलिस ने मंदिर की प्राचीन छड़ियों से चांदी चोरी करने के मामले में आरोपी महंत और सुनार को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही थाना राजौंद पुलिस ने 700 लीटर लाहण सहित एक आरोपी को काबू किया है और पुलिस विभाग की परिवहन शाखा में कंडम हो चुके सामान की नीलामी 1 अक्टूबर को पुलिस लाइन में की जाएगी।
मंदिर की प्राचीन छड़ियों से चांदी चोरी
कैथल में मंदिर में रखी प्राचीन छड़ियों से चांदी चोरी करने के मामले में सीआईए कलायत ने आरोपी डेरा बाबा दरबारपुरी रामथली के महंत को काबू कर लिया है। आरोपी महंत से व्यापक पूछताछ के बाद चांदी खरीदने वाले सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव रामथली निवासी महावीर शर्मा की शिकायत अनुसार गांव में बाबा दरबारपुरी की प्राचीन समाधि है। बाबा दरबारपुरी के गद्दी वाले कमरे में दो प्राचीन छड़ियां रखी हुई थीं। जिन पर चांदी की परत व छड़ियों में चांदी के साथ धातु से पुरानी निकासी जुड़ी हुई थी। 18 अगस्त को जब वह मंदिर में कमरे की सफाई कर रहा था, तो उसने देखा कि बाबा दरबारपुरी की दोनों प्राचीन छड़ियों पर भगवा रंग का कपड़ा लिपटा हुआ था।
इस बारे में उसने मंदिर के सेवादारों व मंदिर में रहने वाले महंत अमरनाथ पुरी को बुलाकर छड़ियां दिखाईं। जब दोनों छड़ियों से भगवा कपड़ा हटाकर देखा तो उन पर लगी पुरानी चांदी की परत उतरी हुई मिली। उसने महंत अमरनाथ पुरी से इस बारे में पूछा तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। महंत अमरनाथ पुरी की देखरेख में डेरा संचालित होता है। दोनों छड़ियों पर करीब 1 किलोग्राम चांदी की परत लगी हुई है। जिस बारे थाना गुहला में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई नरेंद्र सिंह की टीम द्वारा करते हुए आरोपी महंत अमरनाथ पुरी को काबू कर लिया। महंत से व्यापक पूछताछ करने पर उसने खुलासा किया कि मंदिर की छड़ियों से उतारी गई चांदी उसने गांव रामथली में स्थित दुकान मालिक हनुमान कॉलोनी, चीका निवासी सुनार नानूराम को बेच दी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनार नानूराम को भी काबू कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 1 किलोग्राम चोरीशुदा चांदी बरामद कर ली गई। दोनों आरोपी अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए हैं।
थाना राजौंद पुलिस द्वारा 700 लीटर लाहण सहित आरोपी काबू
जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में थाना राजौंद पुलिस द्वारा गांव मंडवाल से एक आरोपी को 700 लीटर लाहण सहित काबू किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना राजौंद पुलिस के एचसी आशीष की टीम द्वारा एक गुप्त सूचना मिलने उपरांत गांव मंडवाल निवासी युवराज सिंह उर्फ रोबिन के घर के पास खाली प्लाट में दबिश देकर आरोपी युवराज सिंह उर्फ रोबिन उपरोक्त को काबू कर लिया गया। जांच दौरान आरोपी के कब्जे में खाली प्लाट में रखी चार की प्लास्टिक की टंकियों से 700 लीटर लाहण बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना राजौंद में मामला दर्ज करके नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस विभाग के परिवहन शाखा में कंडम सामान की नीलामी
पुलिस विभाग द्वारा वाहन और अन्य सामान की नीलामी को लेकर सूचना जारी की गई है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस विभाग कैथल की परिवहन शाखा में कंडम हो चुके सामान की नीलामी 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे पुलिस लाईन कैथल में की जाएगी। जिनमें सरकारी वाहनो के कंडम पार्ट, विभिन्न साइज के कंडम टायर व टयूब, काला तेल आदि शामिल है। नीलामी की शर्ते कमेटी द्वारा मौके पर बता दी जाएगी, इच्छुक व्यक्ति समय पर पुलिस लाइन में पहुंच कर नीलामी में हिस्सा ले सकता है।