कैथल में मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई न करने पर थाना प्रभारी रमेश चंद्र निलंबित

कैथल में मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई न करने पर थाना प्रभारी रमेश चंद्र निलंबित

कैथल, 03 अक्टूबर: सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मारपीट के मामले में रिश्वत लेने के आरोप में एसआई राजेश कुमार की गिरफ्तारी के बाद अब एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद्र पर भी विभागीय कार्रवाई की गई है। एसपी ने उन्हें निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया है। रमेश चंद्र पर मुख्य आरोप यह है कि उन्होंने मारपीट से संबंधित शिकायत को जांच के लिए संबंधित अधिकारी को मार्क करने के बजाय अपने पास ही रखा था।

यह पूरा मामला सुभाष नगर निवासी साहिल की शिकायत से जुड़ा हुआ है। साहिल ने मारपीट को लेकर सिविल लाइन थाना में शिकायत दी थी। उस समय रमेश चंद्र थाना प्रभारी के पद पर तैनात थे। इस शिकायत को लेकर बाद में एसआई राजेश कुमार पर साहिल से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा था। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया था।

रिश्वत मामला और गिरफ्तारी

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

राजेश कुमार पर यह आरोप था कि उसने मारपीट के मामले में साहिल का नाम निकालने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। एसीबी की गिरफ्तारी के बाद एसआई को तुरंत निलंबित कर दिया गया था और वह फिलहाल जेल में बंद है। इसी मामले के बीच अब तत्कालीन थाना प्रभारी रमेश चंद्र के खिलाफ भी गाज गिरी है और उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। हालांकि पुलिस विभाग की ओर से उनके निलंबन को पूरी तरह से विभागीय कार्रवाई बताया गया है।

एसपी कार्यालय की जांच

एसपी कार्यालय के अनुसार उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर लगातार जांच की जा रही है। गौरतलब है कि एंटी करप्शन ब्यूरो की इस कार्रवाई से कुछ समय पहले ही रमेश चंद्र का सिविल लाइन थाना प्रभारी पद से तबादला कर दिया गया था। तबादला कर उन्हें कलायत थाना प्रभारी के पद पर लगाया गया था। अब निलंबन की इस कार्रवाई के बाद उन्हें वापस पुलिस लाइन भेज दिया गया है।

Share:

Comments

Leave a comment