कैथल में एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई: 8.41 ग्राम हेरोइन और 9 किलो चूरा पोस्त के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

कैथल में एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई: 8.41 ग्राम हेरोइन और 9 किलो चूरा पोस्त के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

कैथल में पुलिस प्रशासन द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नशा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 8.41 ग्राम हेरोइन और 9 किलो 205 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के दिशा-निर्देशों के अनुसार पुलिस अवैध नशा तस्करों पर लगातार कड़ी नजर रख रही है।

राजौंद क्षेत्र में हेरोइन के साथ आरोपी काबू

एंटी नारकोटिक सेल कैथल के प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसवंत सिंह की टीम राजौंद क्षेत्र में गश्त कर रही थी। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गांव मंडवाल के रास्ते पर नशीला पदार्थ हेरोइन बेचने के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और संदिग्ध को काबू किया। आरोपी की पहचान गांव बोहत जिला जींद निवासी सतपाल के रूप में हुई है। नायब तहसीलदार राजौंद सुभाष चंद की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से 8.41 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थाना राजौंद में मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

152-डी हाईवे पर ट्रक से भारी मात्रा में चूरा पोस्त बरामद

दूसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान 152-डी हाईवे पर गांव मोहना पुल के नीचे नाकाबंदी की थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि राजौंद की तरफ से आ रहे एक ट्रक में भारी मात्रा में डोडा पोस्त हो सकता है। पुलिस ने बताए गए ट्रक को रुकने का इशारा किया तो चालक ट्रक को पीछे कर भागने लगा जिसे पुलिस ने तुरंत काबू कर लिया। आरोपी की पहचान गांव नेहरा जिला जींद निवासी बलदेव के रूप में हुई है। नायब तहसीलदार पुंडरी अंसुल के समक्ष ट्रक की तलाशी ली गई तो ड्राइवर सीट के पीछे प्लास्टिक के कट्टे से 9 किलो 205 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। थाना पुंडरी में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जिससे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लिया जाएगा।

थाना सदर पुलिस द्वारा 17 बोतल देसी शराब बरामद

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशों के अनुसार अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। थाना सदर कैथल पुलिस के एचसी जोगिंद्र सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव फ्रांसवाला निवासी दलबीर सिंह की टायर पंचर की दुकान पर दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी की दुकान से 17 बोतल देसी शराब बरामद की गई है। आरोपी दलबीर सिंह के खिलाफ थाना सदर कैथल में मामला दर्ज करके नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

नशा मुक्त अभियान के तहत डेरा गरजा सिंह और डेरा रायसिंह वाला में सर्च ऑपरेशन

जिला को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत कैथल पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में कॉम्बिंग और चेकिंग अभियान चलाया। मंगलवार को थाना शहर तथा थाना सीवन द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। थाना शहर एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल की अगुवाई में डेरा गरजा सिंह में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना सीवन प्रभारी महिला एसआई मुकेश के नेतृत्व में डेरा रायसिंह वाला में संदिग्ध तस्करों के ठिकानों पर तलाशी ली गई।

650 लीटर लाहण के साथ पुराना शराब तस्कर गिरफ्तार

थाना शहर पुलिस टीम ने सर्च अभियान के दौरान डेरा गरजा सिंह से आरोपी सुखविंद्र सिंह को काबू किया है। आरोपी ने घर की छत पर एक टंकी रखी हुई थी जिसमें से शराब निकालने के लिए 650 लीटर लाहण बरामद किया गया। गौरतलब है कि 13 सितंबर को भी इसी आरोपी के यहां सर्च अभियान चलाया गया था जिसमें फर्श के नीचे दबी टंकी से 500 लीटर लाहण और 5 बोतल हथकड़ी शराब बरामद हुई थी। आरोपी सुखविंद्र सिंह पर पहले से ही शराब तस्करी के 4 मामले दर्ज हैं। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की यह सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।

Share:

Comments

Leave a comment