कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब तस्कर, चोरी के आरोपी और हेरोइन सप्लायर गिरफ्तार

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब तस्कर, चोरी के आरोपी और हेरोइन सप्लायर गिरफ्तार

कैथल पुलिस ने अवैध शराब तस्करों, चोरी के मामलों और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आरोपियों को काबू कर भारी मात्रा में अवैध शराब, लाहण, चोरी किए गए आभूषण और हेरोइन बरामद की है।

अवैध शराब तस्करों पर कैथल पुलिस का शिकंजा

अवैध शराब तस्करों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत अलग-अलग 11 मामलों में 11 आरोपियों को काबू किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 180 लीटर लाहण तथा कुल 193.25 बोतल शराब बरामद की गई।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में चौकी रामथली पुलिस प्रभारी एएसआई राजेश कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर डेरा किशन सिंह खरकां निवासी मुखत्यार सिंह को काबू किया। उसके पशुओं बाड़ा में रखे ड्रम से करीब 180 लीटर लाहण बरामद हुआ। दूसरे मामले में पुलिस चौकी महमूदपुर प्रभारी एएसआई संजय कुमार की टीम ने गढ़ी नजीर से धनेठा जाने वाले कच्चे रास्ते पर नाकाबंदी करके आरोपी धनेठा जिला पटियाला पंजाब निवासी धर्मपाल सिंह को काबू किया। उसके कब्जे से 10 बोतल हथकढ़ी नाजायज शराब बरामद हुई।

तीसरे मामले में थाना शहर कैथल के एएसआई जोरा सिंह की टीम ने नानकपुरी कॉलोनी कैथल में स्थित दुकान पर दबिश देकर आरोपी नानकपुरी कालोनी निवासी यश को काबू कर लिया। जांच दौरान दुकान में रखे तख्त के नीचे से 16 बोतल देशी शराब बरामद हुई। चौथे मामले में सीआईए-1 कैथल के एचसी पवन की टीम ने प्योदा से जींद रोड कैथल जाने वाली सड़क पर रजवाहा के पास नाकाबंदी करके आरोपी प्योदा निवासी ज्ञानी राम को काबू किया। उसके कब्जे में प्लास्टिक कट्टे से 16 बोतल देसी शराब बरामद हुई।

पांचवें मामले में पुलिस चौकी पुण्डरी के एचसी संजय कुमार की टीम ने कैंची चौक पुण्डरी के पास नाकाबंदी करके आरोपी बाकल निवासी विकास को काबू किया। उसके कब्जे में प्लास्टिक कैनी से 21.25 बोतल हथकढ़ी नाजायज शराब बरामद हुई। छठे मामले में थाना पुण्डरी के एएसआई नरेंद्र सिंह की टीम ने गांव भाणा में आरोपी महीपाल की दुकान खुर्दे पर दबिश देकर उसे काबू किया। जांच दौरान दुकान के पीछे खाली पड़ी जगह में झाड़ियों से एक प्लास्टिक कट्टे में रखी 13 बोतल ठेका देशी शराब बरामद हुई।

सातवें मामले में पुलिस चौकी किठाना प्रभारी पीएसआई सुनील कुमार की टीम ने गांव गुलियाणा में दुकान खुर्दे पर दबिश देकर आरोपी गांव गुलियाना निवासी जयप्रकाश को काबू किया। जांच दौरान मेज के नीचे से दो गत्ता पेटियों में 22 बोतल देसी शराब बरामद हुई। आठवें मामले में सीआईए-1 कैथल की टीम ने फतेहपुर से मटरवाखेड़ी रोड स्थित नहर पुल के पास से आरोपी फतेहपुर निवासी आदित्य उर्फ आदि को काबू किया। उसके कब्जे में प्लास्टिक कैनी से 38.5 बोतल हथकढ़ी नाजायज शराब बरामद हुई।

नौवें मामले में पुलिस चौकी अरनौली के एएसआई राजेश कुमार की टीम ने पपराला से बाऊपुर रोड पर कसौली मोड़ से आगे ट्यूबवेल कोठा के पास से आरोपी गगड़पुर निवासी चरणा राम को काबू किया। उसके कब्जे से प्लास्टिक कैनी में 18.5 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। दसवें मामले में एंटी नारकोटिक सैल कैथल के एसआई जयभगवान की टीम ने बड़ा कटहेरा, सीवन गेट कैथल स्थित दुकान पर दबिश देकर आरोपी बड़ा कटहेरा सीवन गेट कैथल निवासी नरेश को काबू किया। दुकान के अंदर दो कट्टों से 24 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

एक अन्य मामले में सीआईए कलायत पुलिस के एचसी देवेंद्र सिंह की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर सिणंद से गांव सजुमा रोड पर नाकाबंदी करके पैदल आए आरोपी गांव सजुमा निवासी अनिल कुमार को काबू कर लिया। जांच दौरान आरोपी के कब्जे से 14 बोतल देसी शराब बरामद हुई। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज करके पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

जिला पुलिस द्वारा 2 दिन के इस विशेष अभियान के दौरान शराब तस्करों पर शिकंजा कसते हुए अलग-अलग 21 मामलों में 20 आरोपियों को काबू किया गया। उनके कब्जे से कुल 360 लीटर लाहण व 619.50 बोतल अवैध शराब बरामद की गई।

मकान से आभूषण व नकदी चोरी के मामले में आरोपी काबू

जिला पुलिस द्वारा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने व आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ कैथल के प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की अगुवाई में एएसआई अजीत सिंह की टीम द्वारा मकान से आभूषण व नकदी चोरी करने के मामले में आरोपी बाबा बस्ती चीका निवासी हिमांशु उर्फ गोलू को काबू कर लिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सिरटा रोड कैथल निवासी राजेश की शिकायत अनुसार 10 सितंबर को वह अपनी पत्नी व बच्चों को दवाई दिलवाने के लिए नरवाना डॉक्टर के पास गया हुआ था। उसी दिन बाबा बस्ती चीका निवासी हिमांशु उर्फ गोलू उसके घर आया हुआ था। उनकी गैरमौजूदगी में हिमांशु उसके मकान से एक जोड़ी कंगन, एक जोड़ी पैरों के आभूषण, चांदी की चुटकी, सोने की एक नथली, चांदी का एक कड़ा, एक कोका तथा 2,000 रुपये चोरी करके ले गया। जिस बारे थाना शहर में मामला दर्ज कर लिया गया।

आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी कंगन, एक जोड़ी पैरों के आभूषण, चांदी की चुटकी, सोने की एक नथली, चांदी का एक कड़ा व एक कोका सहित सभी आभूषण बरामद कर लिए गए। आरोपी को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सीआईए गुहला पुलिस द्वारा हेरोइन सप्लायर गिरफ्तार

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार नशा तस्करों की जड़ मूल तक पहुंचकर नशा सप्लाई करने वालों पर शिकंजा कसते हुए सीआईए गुहला पुलिस के एएसआई रोहताश की टीम द्वारा हेरोइन सप्लायर आरोपी गांव मटौर निवासी संदीप उर्फ दीपड़ी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 1 अगस्त को सीआईए गुहला के एएसआई राकेश की टीम द्वारा सारण रोड पर नाकाबंदी करके गांव मटौर निवासी गुरमीत उर्फ पैनू को मोटरसाइकिल सहित काबू किया गया था। उसके कब्जे से 6.20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ था। आरोपी के खिलाफ थाना तितरम में मामला दर्ज करके आगामी जांच एएसआई रोहताश द्वारा अमल में लाई गई।

आगामी जांच दौरान खुलासा हुआ कि गुरमीत उर्फ पेनू को यह हेरोइन आरोपी संदीप उपरोक्त द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी। आरोपी किसी अन्य मामले में जिला कैथल जेल में बंद था। जिसको माननीय अदालत के आदेशानुसार प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया। आरोपी को व्यापक पूछताछ उपरांत अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Share:

Comments

Leave a comment