कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सितंबर माह में शराब और नशा तस्करी के मामलों में 147 आरोपी गिरफ्तार

कैथल जिला पुलिस ने सितंबर माह के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में शराब व मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी और अवैध असला रखने के कुल 125 मामलों में 147 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया है। नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों और साइबर अपराध से जागरूक भी किया जा रहा है।
नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी बरामदगी
पुलिस ने सितंबर माह के दौरान विशेष तौर पर नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया है। नशा तस्करी के 20 मामलों में 24 आरोपियों को काबू करके भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 802 किलो 562 ग्राम डोडा पोस्त और 11 किलो 660 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ है। इसके साथ ही 27 किलो 398 ग्राम गांजा और 2 किलो 217 ग्राम अफीम भी जब्त की गई है। पुलिस ने 59.66 ग्राम हैरोइन और 647 ग्राम चरस सहित 500 नशीली गोलियां भी बरामद की हैं। इन सभी नशीले पदार्थों की कीमत करोड़ों रुपए में बताई गई है।
शराब तस्करों और संपत्ति चोरी पर कार्रवाई
सितंबर माह के दौरान पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की है। शराब तस्करी के 75 मामलों में 71 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 1009 बोतल देशी शराब और 497 बोतल हथकढी शराब बरामद हुई है। पुलिस ने 36 बोतल अंग्रेजी शराब और करीब 3675 लीटर लाहन भी बरामद किया है। संपत्ति के विरुद्ध अपराध करने वाले अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 20 मामलों में 41 आरोपियों को काबू किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 20 लाख 62 हजार रुपए मूल्य की चोरीशुदा जन संपत्ति बरामद की गई है।
अवैध हथियार और अन्य मामलों में गिरफ्तारियां
गत माह के दौरान अवैध असला और अमुनेशन रखने वाले अपराधियों पर भी शिकंजा कसा गया है। अवैध हथियार रखने के 6 मामलों में 7 आरोपियों को काबू करके 6 अवैध देसी पिस्तौल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 कारतूस और एक चाकू भी बरामद किया है। जुआ और सट्टा अधिनियम के तहत 4 मामलों में 4 आरोपियों को काबू किया गया है। इन आरोपियों के पास से 10 हजार 810 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सितंबर माह के दौरान पुलिस द्वारा 10 बेल जंपर और 20 पी.ओ. आरोपियों को भी काबू किया गया है।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन का बयान
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा है कि पुलिस का प्रथम दायित्व आमजन की जानमाल की सुरक्षा करना है। जिला पुलिस अमन-चैन एवं कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए उच्च मनोबल के साथ कर्तव्य पालन कर रही है। किसी भी सूरत में जिला की कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। एसपी ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना निर्भिकता से तुरंत पुलिस को दें। पुलिस को समय रहते सूचना मिलने पर तुरंत उचित कार्रवाई की जा सकेगी।